फरीदाबाद | कुछ दिन पहले बकाया जमा नहीं करने पर नगर निगम द्वारा सील किए गए होटल ललित की ओर से 4 करोड़ रुपए का चेक दे दिया गया है। हालांकि निगम द्वारा अभी इसे कैश नहीं कराया गया है। निगम इससे संबंधित कुछ जानकारी जुटा रहा है। इस बारे में डिवीजनल कमिश्नर से बात की जा रही है क्योंकि सील खोलने के आदेश इनकी कोर्ट से दिए गए थे। निगम कमिश्नर मोहम्मद शाइन ने बताया कि होटल ललित पर 9 करोड़ 32 लाख रुपए बकाया हैं। उन्होंने कहा यदि प्रबंधन भुगतान में लापरवाही बरतता है तो दोबारा सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि डिफाल्टरों पर शिकंजा कसा जाएगा। सराय ख्वाजा टोल प्लाजा के पास फाइव स्टार होटल ललित को पिछले दिनों नगर निगम ने बकाया भुगतान न करने के चलते सील कर दिया था।