पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर में होंगे वेंडिंग जोन, 50 हजार रेहड़ियों को मिलेगी जगह, ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

शहर में होंगे वेंडिंग जोन, 50 हजार रेहड़ियों को मिलेगी जगह, ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्मार्ट सिटी में जल्द ही घूम-घूमकर सामान बेचने वाली रेहड़ियां नजर नहीं आएंगी। उन्हें नगर निगम अब वेंडिंग जोन में स्थापित करने जा रहा है। करीब 50 हजार रेहड़ी वालों को जोन में जगह मिलेगी। शहर में जून से स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी जमीन पर उतरने जा रही है। इसके तहत सभी रेहड़ी वालों को एक निश्चित स्थान दिया जाएगा। इस पॉलिसी के कई फायदे होंगे। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रेहड़ी वालाें से अवैध वसूली नहीं हो सकेगी। दूसरा ट्रैफिक जाम नहीं होगा। तीसरा फायदा यह होगा कि घूमने वाली रेहड़ी बंद होंगी। निगम कमिश्नर मोहम्मद शाइन ने शुक्रवार को कैंप ऑफिस में पत्रकारों को इस योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा ये सुविधाएं देने का काम लियो मेडिया कॉम एजेंसी करेगी।

फरीदाबाद. बीके चौक पर लगी रेहड़ियां ।

गुड़गांव में सफल प्रयोग

निगम कमिश्नर मोहम्मद शाइन के अनुसार स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी पर गुड़गांव में काम चल रहा है। वहां यह पॉलिसी सफल रही है। वेंडिंग जोन स्थापित होने से रेहड़ी वाले एक ही स्थान पर खड़े होते हैं। इसलिए इसे फरीदाबाद में भी लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया रेहड़ी व वेंडिंग जोन चिन्हित करने का काम जारी है। संभावना है रेहड़ियों की संख्या 50 हजार के पार होगी।

रेहड़ियों को वेंडिंग जोन में स्थापित करने की तैयारी कर ली है। जून में वार्ड नंबर-12 और 32 से इसकी शुरुआत हो जाएगी। रेहड़ी वालों को सहयोग करने की जरूरत है। यह योजना इनके लिए काफी लाभकारी होगी। गुंडा टैक्स बिल्कुल खत्म हो जाएगा। अब केवल रेहड़ी वालाें को 2500 रुपए प्रति महीना निगम को अदा करने पड़ेंगे। -मोहम्मद शाइन, कमिश्नर, नगर निगम।

रेहड़ी वालों को लाभ

रेहड़ी वालों के लिए निश्चित स्थान होगा, वह रोज आराम से वहीं रेहड़ी लगा सकेंगे। यहां रेहड़ी खड़ी कराने की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी, जरूरत पड़ने पर इन्हें पुलिस सुरक्षा भी मिलेगी। अब रेहड़ी वालों से कोई गुंडा टैक्स वसूल नहीं कर सकेगा। रेहड़ी वालाें का नगर निगम द्वारा 2 लाख का बीमा भी कराया जाएगा। इनके बच्चों को स्कूल में एडमिशन में निगम सहयोग करेगा। नई रेहड़ी, वर्दी दी जाएगी। साल में चार बार इनका मेडिकल चेकअप भी होगा।

आमजन को लाभ

अब आमजन को सामान खरीदने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। एक निश्चित स्थान तय होने से सामान मिलना आसान होगा। लियो मेडिया कॉम द्वारा समय-समय पर चेकिंग से रेहड़ी पर बिकने वाले सामान की गुणवत्ता ठीक होगी। सभी रेहड़ी वालों की पहचान होने से वे क्राइम करने के बाद आसानी से पकड़े जा सकेंगे। ट्रैफिक जाम नहीं होगा, इससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

खबरें और भी हैं...