फरीदाबाद|ग्रेटर फरीदाबाद के गांव वजीरपुर चौक पर लगे भगवान परशुराम के बोर्ड को किसी ने उखाड़ दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मास्टर रोड पर जाम लगा दिया। इससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की जानकारी मिलने पर थाना खेड़ी पुल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव के बुजुर्ग व पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और लोगों से शिकायत की। ग्रामीण जयचंद, राजन गौड़, पंडित, अनिल, विनोद कुमार, अजय वशिष्ठ और सचिन भारद्वाज ने बताया कि परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में ग्रामीणों ने गांव के चौक पर परशुराम के नाम से बोर्ड लगवाया था, लेकिन किसी ने गुरुवार की रात बोर्ड को उखाड़ दिया। ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह बोर्ड उखड़ा देखा। इससे उनका गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। 15 मिनट तक लोग जाम में फंसे रहे। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव के बुजुर्ग व पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों को समझा कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। लोग सड़क से हट गए और उन्होंने थाने जाकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। हालांकि पुलिस ने मास्टर रोड के किनारे बने फॉर्म हाउसों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कैमरों में एक फॉरच्यूनर गाड़ी व एक लड़का दिखाई दिया। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने इस पर आपत्ति जताई है।