फरीदाबाद|स्वदेशी जागरण मंच ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय पर शुक्रवार को प्रदर्शन कर अमेरिकी कंपनी वॉलमार्ट के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन विभाग संपर्क प्रमुख अमरदीप के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अमेरिकी वॉलमार्ट कंपनी जो अधिकांश चीन द्वारा निर्मित माल बेचती है, उसने भारतीय ई-कामर्स कंपनी फिलिप कार्ट को खरीद लिया है। इस कंपनी के आने से अब यहां चीन का माल सर्वाधिक बिकेगा। हमारा धन अमेरिका जाएगा और रोजगार चीन के लोगों को मिलेगा। वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने कहा कि मेक-इन इंडिया की नीति को बहुत बड़ा झटका लगेगा। हमारी सूक्ष्म, लघु व माध्यम कम्पनियां बंद होंगी या घाटे में रहेंगी। किसानों को अपने उत्पादन का ठीक मूल्य भी नहीं मिलेगा। ऐसे अधिग्रहण का हम विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि फिलिपकार्ट को देश के लोगों ने इसलिए कामयाब किया था कि विदेशी कंपनियों का मुकाबला कर सके, लेकिन आज फिलिपकार्ट के मालिकों ने देश की जनता के साथ विश्वासघात कर दिया। वॉलमार्ट व फिलिपकार्ट के बीच हुए इस अनैतिक व गैर कानूनी अधिग्रहण के समझौतों को रद्द करने की मांग की।