पुलिस और पब्लिक के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में रविवार को पुलिस की ओर से राहगीरी का आयोजन किया गया। इस दौरान गीत-संगीत पर शहर के लोगों ने जमकर मस्ती की। इन्होंने देशी व पंजाबी गानों पर जमकर जमकर धमाल मचाया। पुलिस कमिश्नर अमिताभ सिंह ढिल्लो के निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल भूपेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों सहित, रोटरी क्लब, रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एवं रोड सेफ्टी आर्गनाइजेशन तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पुलिस-पब्लिक में आपसी तालमेल बढ़ाने, स्वस्थ रहने और पब्लिक के सहयोग से अपराध पर अंकुश व बेहतर कानून व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से राहगीरी का आयोजन किया था।
आमजन हों जागरूक
राहगीरी के मुख्य संयोजक डीसीपी सेंट्रल भूपिंदर सिंह ने बताया कि राहगीरी के आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों के साथ-साथ साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
जुम्बा डांस पर थिरके
राहगीरी में अरविंद व अनुराधा के जुम्बा डांस ने सबको थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। जस्ट डांस कंपनी के भरत सोलंकी ने इस रफ्तार को और तेज करते हुए सभी को कसरत के साथ-साथ मस्ती का भी मजा दिलाया। सभी लोगों के मनोरंजन के लिए बीच-बीच में चलाए गए पंजाबी और हरियाणवी गानों पर लोग जमकर थिरके। इस कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने भरपूर लुत्फ लिया और पुलिस व रोटरी क्लब को बधाई दी।
विदेशियों ने भी की खूब मस्ती
घूमने के लिए भारत आईं सरिता बहल के साथ विदेशी मेहमानों ने भी राहगीरी में मस्ती की। कनाडा, अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया से आए युवक-युवतियों ने बॉलीवुड के गानों पर जमकर डांस किया। इस आयोजन की उन्होंने खूब तारीफ की और इसे काफी मनोरंजक बताया। राहगीरी के एक मुख्य आकर्षण फरीदाबाद का उभरता रिवाज बैंड भी रहा।
पुलिस और पब्लिक के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में रविवार को राहगीरी का आयोजन किया गया
फरीदाबाद. राहगीरी के मंच पर परफॉर्मेंस देते बच्चे व युवा।