पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लोगों ने कहा हमारे मकानों को उजड़ने से बचाइए मंत्री बोले रक्षामंत्री से मिलकर निकलेंगे कोई रास्ता

लोगों ने कहा हमारे मकानों को उजड़ने से बचाइए मंत्री बोले रक्षामंत्री से मिलकर निकलेंगे कोई रास्ता

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एयरफोर्स स्टेशन के चारों ओर 100 मीटर के दायरे में बने आवासों को अनधिकृत घोषित कर हटाए जाने संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में लोग सेक्टर-28 में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मिले। इसके बाद उन्हें ज्ञापन सौंपकर मकानों को उजाड़ने से बचाने की मांग की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल हमारे साथ रक्षामंत्री से मिलेगा और इस समस्या का कोई न कोई समाधान जरूर निकाला जाएगा। फिलहाल 2717 प्रभावित परिवारों में इन दिनों दहशत का माहौल है। क्योंकि उन्हें अपना घर उजड़ने का डर सता रहा है। प्रभावित परिवारों में बहुत से ऐसे लोग हैं जो 35-40 साल से मकान बनाकर यहां रह रहे हैं। नगर निगम में टैक्स और बिजली के बिल भी देते आ रहे हैं।

सतीश फागना ने गुर्जर को बताया कि एयरफोर्स स्टेशन की बाउंड्री से 100 मीटर बाहर के दायरे में आने वाले आवास हटाए जाने के संबंध में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सीडब्ल्यूपी 15171 (2010) सुरेश गोयल वर्सेज यूनियन ऑफ इंडिया के तहत मामला चल रहा है। लेकिन एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में मकानों की सूची जारी होने से लोग काफी घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में है। लोग अपने बच्चों के भविष्य के प्रति भी काफी चिंतित है। उन्होंने किसी तरह एक-एक पैसा एकत्र कर यहां मकान बनाए हैं। अब उन मकानों को तोड़ने की योजना बनाई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो करीब 24000 से अधिक आबादी प्रभावित होगी।

प्रभावित लोगों की ये हैं मांग

प्रभावित लोगों की मांग है कि जिनके मकान हटाए जाने जरूरी हैं उन्हें सरकार द्वारा प्लाट आवंटित किए जाएं और निर्माण लागत 1500 रुपए प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से अनुदान दिया जाए। साथ ही जिनकी रजिस्ट्री हैं, हाउस टैक्स और विकास शुल्क जमा किया है केवल उसी व्यक्ति या उसके पुत्र-पुत्री को प्लाट और अनुदान राशि दी जाए। सरकार द्वारा प्लाट नहीं दिए जाने की स्थिति में सर्कल रेट से चार गुणा राशि निर्माण लागत 1500 रुपए प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से दी जाए।

मंत्री ने रास्ता निकालने का दिया भरोसा

प्रतिनिधिमंडल से बात करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार उजाड़ने का नहीं बल्कि बसाने का काम करती है। सरकार सभी के लिए कोई न कोई रास्ता अवश्य निकालेगी। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल के साथ रक्षामंत्री से मिलेंगे। उन्हें सारी स्थिति से अवगत कराकर कोई न कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर सतीश फागना, कविंद्र चौधरी, अवधेश ओझा, महाशय, नारायण मास्टर, सत्यनारायण, विनोद शर्मा, जतिन कोडा, दिनेश प्रकाश सिंह, घनश्याम उनियाल, कामेश्वर प्रधान, अमन कौशिक, आंशु छिक्कारा, रिंकू धीमान, राजू सिंह, अवतार सिंह, बिजेंद्र ढुल, सतबीर गुप्ता, एनसी जोशी, चतर सिंह तंवर, एसआर जोशी, रमेशचंद उनियाल, सोनिया अरोड़ा, सुदेश नागर, रन्धावा फागना, त्रिलोक कौशिक, दीपक यादव, अभिषेक, भोपाल कश्यप, विनोद सिंघल आदि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...