उत्तर रेलवे ने विभिन्न रूटों पर चलने वाली 18 ट्रेनों (अप-डाउन) के टर्मिनल (ट्रेनों के आवागमन के स्टेशन) में बदलाव किया है। ये ट्रेनें सोमवार से नए टर्मिनल से चलेंगी। ऐसे में यात्री सफर शुरू करने से पहले ट्रेनों के बारे में जानकारी कर लें। क्योंकि कहीं ऐसा न हो कि ट्रेन ही छूट जाए। रेलवे अधिकारियों ने भी यात्रियों से अपने ट्रेन के बारे में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से जानकारी करने की गुजारिश की है। अधिकारियों के मुताबिक टर्मिनल में जो बदलाव किया गया है उसमें नई दिल्ली, दिल्ली सराय रोहिला, निजामुद्दीन और आनंद विहार स्टेशन शामिल हैं।
नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली सराय रोहिला से चलने वाली ट्रेनों के टर्मिनल में किया गया है बदलाव
इन ट्रेनों से जाना है तो ध्यान रखें...
रेलवे सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली से चलकर जबलपुर जाने वाली 12191/92 सुपरफास्ट एक्सप्रेस सोमवार से हजरत निजामुद्दीन से चलेगी। इसी तरह 12066/65 हजरत निजामुद्दीन अजमेर जनशताब्दी एक्सप्रेस 25 मई से दिल्ली सराय रोहिला से चलेगी। गाड़ी संख्या 12616/15 दिल्ली सराय रोहिला- चेन्नई ग्रांट ट्रंक एक्सप्रेस 23 मई से नई दिल्ली स्टेशन से चलेगी। 12416/15 दिल्ली सराय रोहिला-इंदौर नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 22 मई से नई दिल्ली स्टेशन से चलेगी। 14035/36 दिल्ली पठानकोट एक्सप्रेस 23 मई से दिल्ली सराय रोहिला से चलेगी। 14041/42 दिल्ली सराय रोहिला देहरादून मसूरी एक्सप्रेस 22 मई से पुरानी दिल्ली से चलेगी। नई दिल्ली से पुरी जाने वाली 12816/15 नंदन कानन एक्सप्रेस 23 मई से आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी। नई दिल्ली से पुरी जाने वाली 12876/75 नीलांचल एक्सप्रेस 25 मई से अानंद विहार टर्मिनल से चलेगी। इसी तरह 12826/25 नई दिल्ली रांची झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 23 मई से आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नितिन चौधरी ने कहा कि यात्री सफर शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के बारे में जानकारी जरूर कर लें। ऐसा न करने पर यात्री की ट्रेन छूट सकती है। बता दें उक्त रूटों पर चलने वाली ट्रेनों में फरीदाबाद से बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं।