टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट 19 मई से, 200 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से 19 और 20 मई को टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन सेक्टर-28 स्थित डायनेस्टी स्कूल में होगा। प्रतियोगिता के लिए एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेबल टेनिस एसोसिएशन के सदस्य अंकित कुमार ने बताया कि अगस्त में स्टेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले दो बार डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिता होगी। इसमें रैंकिंग टूर्नामेंट और डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग टूर्नामेंट शामिल है। रैंकिंग टूर्नामेंट और डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के प्वाइंट देखे जाएंगे। इसके बाद टाप चार खिलाड़ियों को स्टेट प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका दिया जाएगा।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
एसोसिएशन के सदस्य अभिषेक कश्यप ने बताया कि रैंकिंग टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। पूरे जिले में एक हजार से अधिक खिलाड़ी टेबल टेनिस खेल रहे हैं। खासकर नए खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रतियोगिता में बेहतर रहता है। इनमें अंडर-8 से अंडर-15 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। पिछले वर्ष स्टेट टेबल टेनिस प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। स्टेट टूर्नामेंट से पहले डिस्ट्रिक्ट के दो टूर्नामेंट होने से खिलाड़ियों को अपनी कई गलतियां सुधारने का मौका मिलता है। प्रतियोगिता के अंडर-8 मिक्स्ड, अंडर-10, 12 और 15 के ब्वायज और गर्ल्स भाग लेंगे। सभी खिलाड़ियों को टूर्नामेंट को लेकर सूचित कर दिया गया है। सभी खिलाड़ी 18 मई तक रजिस्ट्रेशन कराएंगे।