सिक्योरिटी अलार्म बजा तो भागे चोर, दो घरों में कर रहे थे चोरी की कोशिश
सेक्टर-15ए स्थित एक मकान में लगे सिक्योरिटी अलार्म के बजने से चोर बगैर चोरी किए ही भाग खड़े हुए। अलार्म की आवाज सुनकर परिजन जाग गए, लेकिन उन्हें बदमाश दिखाई नहीं दिए। चोर दो घरों को अपना निशाना बनाने आए थे। सेंट्रल थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच में लग गई है। पीड़ितों के अनुसार उनके यहां पहले भी चोरी की कोशिश हो चुकी है। मगर पुलिस ने रात को गश्त बढ़ाने की दिशा में कोई पहल नहीं की। इससे वे खुद अलर्ट हुए और एक पीड़ित ने अपने मकान में सेंसर आधारित सिक्योरिटी अलार्म लगवा लिया। इससे वे चोरी का शिकार होने से बच गए। पुलिस के अनुसार चोरों ने एक घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ लिया था, वहीं दूसरे घर की खिड़की पर लगी ग्रिल तोड़कर दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे थे। तभी अलार्म बज उठा। इससे परिवार के सदस्य जाग गए। घटना के बाद अब कई और सेक्टरवासी सिक्योरिटी अलार्म लगवाने की पहल कर सकते हैं।