- Hindi News
- National
- पेट्रोल डीजल के बढ़ते रेट के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम सीएम का पुतला फूंका
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते रेट के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला फूंका
केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के शासन में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम, बिगड़ती कानून व्यवस्था और फरीदाबाद में बढ़ते प्रदूषण जैसे मुद्दों के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस ने सेक्टर-12 स्थित कोर्ट परिसर के समक्ष प्रदर्शन कर पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुमित गौड़ कर रहे थे। सुबह सभी कांग्रेसी सेक्टर-10 स्थित कांग्रेस भवन पर एकत्र हुए। इसके बाद वहां से जुलूस निकालते हुए सेक्टर-12 स्थित कोर्ट परिसर के समक्ष पहुंचे। वहां इन्होंने भाजपा सरकार मुर्दाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस दौरान सुमित गौड़ व अन्य नेताओं ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार करीब चार साल के कार्यकाल में जनाकांक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। आज किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, पिछड़ा वर्ग, दलित सहित आम आदमी सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है। उन्होंने कहा हरियाणा के पर्यावरण मंत्री का गृहक्षेत्र फरीदाबाद आज प्रदूषण के मामले में दूसरे स्थान पर है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बदतर हो गई है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब हत्या, लूटपाट, डकैती, चेन स्नैचिंग व बलात्कार की घटना न होती हो। भाजपा सरकार का जनता को भयमुक्त शासन देने का वादा पूरी तरह फ्लाप रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरने के बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। सरकार को इस पर लगाम लगाने के लिए कोई कदम उठाना चाहिए। लेकिन वह चुप है। इस मौके पर पूर्व मंत्री एसी चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राधा नरूला, प्रदेश महासचिव राजकुमार तेवतिया, पं. राजेंद्र शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पं. योगेश गौड़, महेंद्र शर्मा, एसएल शर्मा, पूर्व युवा लोकसभा अध्यक्ष रिंकू चंदीला, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलशन बग्गा, संगठन सचिव ललित भड़ाना, कांग्रेस ओबीसी सेल के चेयरमैन राकेश भड़ाना, अनीशपाल आदि मौजूद थे।
फरीदाबाद. बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम, बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता सेक्टर 12 लघु सचिवालय पर प्रदर्शन करते हुए।