सेक्टर-37 के कम्युनिटी सेंटर में चल रहे भागवत सप्ताह में बुधवार रात उस समय हलचल मच गई जब सात महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब हो गई। दो महिलाओं की चेन उनके ब्लाउज में अटकी मिली। सूचना मिलने पर थाना सराय ख्वाजा से इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। इस दौरान वह किसी बात को लेकर हंसने लगे। यह देख महिलाएं गुस्सा हो गईं और पुलिस को संवेदनहीन बताने लगी। उन्होंने इंस्पेक्टर के इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया। बाद में इंस्पेक्टर ने अपनी सफाई दी। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-37 के कम्युनिटी सेंटर में इन दिनों भागवत सप्ताह चल रहा है। बुधवार सुबह कलश यात्रा के बाद रात 8 से 8.30 बजे आरती हुई। आरती के बाद महिलाओं ने देखा कि उनके गले से चेन गायब हैं। इसके बाद पता लगा कि सात महिला किरण, सरोज शर्मा, उषा शर्मा, सुमन, रमेश देवी, मालती देवी, ज्ञानो देवी की सोने की चेन गायब है। जबकि दो अन्य महिलाओं की चेन टूटकर उनके ब्लाउज में अटकी मिली। संभावना है आरती के कुछ महिलाएं सोने की चेन काट ले गईं। मौके पर पुलिस को सीसीटीवी कैमरे खराब मिले।