इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत 19 मई से होगी। पहली बार टूर्नामेंट में 50 ओवर के मुकाबले खेले जाएंगे। फरीदाबाद का पहला मुकाबला महेंद्रगढ़ की टीम से होगा। टूर्नामेंट की तारीख घोषित होते ही खिलाड़ी तैयारी में जुट गए हैं। पिछले वर्ष भी टूर्नामेंट में जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा था। हालांकि टीम फाइनल में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो पाई थी। अभी तक इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में 40 ओवर के मुकाबले खेले जाते थे। जल्द ही पटौदी ट्राफी और अंडर-14, अंडर-16 टूर्नामेंट शुरू करने को लेकर भी तारीख तय कर दी जाएगी। हालांकि पटौदी ट्राफी जुलाई में होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष रजत भाटिया के मुताबिक अभी तक इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में 40 ओवर के मैच खेले जाते थे। ऐसे में अधिकतर मैचों में कई बल्लेबाजों को बैटिंग करने का मौका ही नहीं मिलता था। जिससे खिलाड़ी अपना प्रदर्शन दिखाने से पीछे रह जाते थे। इसलिए अब डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में 10 ओवर की संख्या बढ़ाकर पूरा वनडे का रूप दिया गया है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के मुताबिक अंडर-23 के लिए बेहतर टीम तैयार की जाएगी। इसमें अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा। जिन खिलाड़ियों ने अंडर-23 की टैलेंट सर्च प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया है व जो खिलाड़ी ट्रायल पास करने में सफल रहे हैं, उन्हें ही टीम में मौका दिया जाएगा। एसोसिएशन ने करीब दो माह पहले ही टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां शुरू कर दी थीं। पूर्व रणजी खिलाड़ी धर्मेंद्र फागना ने कहा कि जिले की टीम हर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करेगी। एसोसिएशन ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को टीम में मौका दिया है।