कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए बीजेपी को न्यौता देने के विरोध में युवा कांग्रेस ने गुरुवार को मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष तरुण तेवतिया के नेतृत्व में युवाओं ने गुरुवार को लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन बताते हुए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। युवा कांग्रेसी पहले सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर के बाहर इकट्ठा हुए। फिर यहां से मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और वहां पुतला दहन किया। इस दौरान ये लोकतंत्र बचाओ कै नारे लगा रहे थे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष तेवतिया ने कहा कि बेशक कर्नाटक चुनाव में बीजेपी सिंगल लार्जेस्ट पार्टी बनकर सामने आई है, लेकिन कांग्रेस और जेडीएस के गठबंधन ने बहुमत के आंकड़े को पार किया है, इसलिए इस गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए था। क्योंकि कर्नाटक के राज्यपाल गुजरात से हैं और पीएम मोदी के करीबी हैं, इसलिए संविधान के नियमों को तक पर रख उन्होंने बीजेपी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। इसके विपरीत जब गोवा और मणिपुर चुनाव में कांग्रेस लार्जेस्ट पार्टी बनकर उभरी थी तो बहुमत के आधार पर बीजेपी को सरकार बनाने का न्यौता दिया गया था। तब सुप्रीमकोर्ट ने इसे जायज बताया था।
फरीदाबाद. युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सेक्टर 12 में मार्च निकालते हुए।