फरीदाबाद|सैलरी न मिलने से नाराज बीके अस्पताल के डॉक्टरों ने गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. गुलशन अरोड़ा को ज्ञापन सौंपा। डॉक्टरों ने कहा कि ढाई माह से वह अस्पताल में बिना सैलरी के काम कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि सभी डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से वेतन दिया जाए। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के प्रधान डॉ. सुशील कुमार अहलावत के मुताबिक बीके अस्पताल के डॉक्टरों को ढाई माह से सैलरी नहीं मिली है। इसके बाद भी वे नियमित रूप से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। डॉक्टर्स रोज बड़ी संख्या में मरीजों की जांच कर रहे हैं। वे किसी भी तरह से काम को प्रभावित नहीं होने दे रहे। इतने दिनों से सैलरी न आने से अब डॉक्टरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा गया है। उनसे जल्द सैलरी देने की मांग की गई है। इस मौके पर डॉ. अजय पाल, डॉ. मान सिंह, डॉ. नरेंद्र कौर आदि मौजूद थे।