बदरपुर बॉर्डर से सवारी बनकर बैठे चार बदमाशों ने चालक से मारपीट की। फिर चाकू दिखाकर ऑटो, पर्स व मोबाइल फोन लूट लिया। थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूर्या विहार पार्ट-2 निवासी विजय कुमार ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार शाम को बदरपुर बॉर्डर से सेक्टर-37 चलने के लिए चार युवक उनके ऑटो में सवार हुए। जैसे ही वे बाइपास रोड पर पल्ला चौक के पास पहुंचे, अंधेरा और सुनसान जगह देखकर युवकों ने ऑटो रुकवा लिया।
चारों ने उन्हें ऑटो से नीचे उतार लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने उनकी गर्दन पर चाकू रख उनकी जेब से मोबाइल फोन व पर्स निकाल लिया। इसके बाद चारों ने उन्हें सड़क किनारे धक्का दे दिया और ऑटो लेकर फरार हो गए। चालक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।