अमृतसर एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक लेफ्टिनेंट को चाकू मारकर घायल करने वाले चार बदमाशों को आरपीएफ ने पकड़कर जीआरपी को सौंप दिया। अब जीआरपी उनसे पूछताछ कर रही है। आरपीएफ के मुताबिक बदमाशों ने कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है। पकड़े गए बदमाश एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। यह जानकारी वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ईस्ट शशि कुमार ने दी।
यह है पूरा मामला
6 मई को 11057 अमृतसर एक्सप्रेस के ए-वन कोच में अंबाला निवासी लेफ्टिनेंट आशीष कुमार सफर कर रहे थे। सुबह के वक्त पलवल-फरीदाबाद सेक्शन में उक्त ट्रेन की चेन पुलिंग हो गई। इसी दौरान दो बदमाश कोच में घुस आए और एक महिला का बैग उठाकर ले जाने लगे। इसी बीच लेफ्टिनेंट की नजर बदमाशों पर पड़ी। उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि दूसरा ट्रेन से नीचे कूद गया। लेफ्टिनेंट ने जिस बदमाश को पकड़ा था उसने चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया और उनकी गिरफ्त से छूटकर ट्रेन से नीचे कूदकर फरार हो गया। लेफ्टिनेंट आशीष कुमार ने दिल्ली पहुंचकर घटना की जानकारी जीआरपी व आरपीएफ को दी। घटना के दो दिन बाद जीआरपी फरीदाबाद ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
अारपीएफ ने शुक्रवार देर रात चार को पकड़ा
सीनियर डीएससी ईस्ट शशि कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि निजामुद्दीन आरपीएफ थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाई गई थी। शुक्रवार देर रात भूपेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ बल्लभगढ़ में ट्रेनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान चार बदमाश पकड़ में आ गए। इनकी पहचान प्रवीण शर्मा निवासी नवलू कॉलोनी बल्लभगढ़, अमित कुमार निवासी आजादनगर झुग्गी बल्लभगढ़, राजेश कुमार और किरोड़ीलाल निवासी नहरपार झुग्गी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया चारों को जीआरपी फरीदाबाद के हवाले कर दिया गया है। उधर जीआरपी थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इनमें कौन सा बदमाश घटना में शामिल था इसकी जांच की जा रही है।