फरीदाबाद | सराय ख्वाजा स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का 12वीं का वार्षिक परिणाम शानदार रहा। स्कूल के 604 बच्चों में से 464 बच्चे पास हुए। स्कूल के 77 प्रतिशत बच्चे पास हुए। लेक्चरर रविंद्र मनचंदा के मुताबिक चार बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। प्रियंका के कॉमर्स में 461, हिमांशी के कॉमर्स में 458, मिथुन के कला संकाय में 457 और राहुल शर्मा के साइंस में 455 अंक आए हैं। मनचंदा के मुताबिक स्कूल के 29 बच्चों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। प्रिंसिपल नीलम कौशिक ने चारों टॉपर्स को उपहार देकर सम्मानित किया। चारों टॉपर्स की अग्रिम पढ़ाई का खर्च प्रिंसिपल नीलम कौशिक और स्कूल प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा।