पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बिहार पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में जून तक नहीं है कोई सीट खाली,वेटिंग टिकट भी ओवर

बिहार-पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में जून तक नहीं है कोई सीट खाली,वेटिंग टिकट भी ओवर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद और पलवल में रहने वाले बिहार एवं पूर्वांचलवासियों के सामने छुट्टी में घर जाने के लिए संकट पैदा हाे गया है। क्योंकि किसी भी ट्रेन में जून तक कोई सीट खाली नहीं है। यही नहीं लगभग सभी ट्रेनों में वेटिंग भी ओवर हो चुकी है। रेलवे की मानें तो रोज 50 से अधिक यात्री आरक्षण केंद्रों से बगैर टिकट लिए वापस लाैट रहे हैं। जो यात्री रातभर जागकर तत्काल टिकट लेना भी चाहते हैं उनमें से महज 2-3 यात्रियों काे ही तत्काल टिकट मिल पा रही है। हालांकि रेलवे ने दर्जनभर से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। लेकिन उसमें भी अलग-अलग डेट में ही कुछ सीटें खाली बची हैं। लेकिन उन ट्रेनों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने का कोई समय निर्धारित नहीं है। पूर्वांचलवासियों की मांग है कि साल दर साल यह समस्या विकराल होती जा रही है। रेलवे को बिहार-पूर्वांचल के लिए फरीदाबाद से सीधे ट्रेन शुरू करनी चाहिए। जिससे यहां की भीड़ नई दिल्ली अथवा आनंद विहार न जाए।

छुट्टी में लाखों की संख्या में यात्री जाते हैं घर

फरीदाबाद-पलवल औद्योगिक नगरी में करीब 5.50 लाख बिहार-पूर्वांचल के लोग रहते हैं। इनमें से करीब दो से ढाई लाख लोग जून में स्कूलों की छुट्टी पड़ने पर अपने घर जाते हैं। लेकिन बिहार-पूर्वांचल को जाने वाली नियमित ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण अब लोगों को टिकट नहीं मिल पा रही है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो पूर्वांचल की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी ओवर हो चुकी है। अर्थात ट्रेनों में अब तो वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रही है।

बिहार-पूर्वांचल जाने वाली इन ट्रेनों में नहीं है टिकट

बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों की संख्या 33 से अधिक है। इनमें महाबोधि एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, कफियत एक्सप्रेस, हल्दिया एक्सप्रेस, झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, मालदा टाउन एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस, भागलपुर एक्सप्रेस, मऊ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, रक्सौल सदभावना एक्सप्रेस, पुरविया एक्सप्रेस, कालका हावड़ा मेल, अमृतसर कटिहार एक्सप्रेस, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस आदि हैं। उक्त ट्रेनों में सभी सीटें फुल हो चुकी हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक उक्त ट्रेनों में 24 जून तक वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रही है।

तत्काल कराने वालों की हो रही भीड़

फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल स्टेशनों पर तत्काल टिकट कराने वालों की भीड़ उमड़ रही है लेकिन उन्हें निराशा हाथ लग रही है। क्योंकि टिकट काउंटर से तत्काल के समय दो-तीन यात्रियों को ही टिकट मिल पा रही है। महज पांच मिनट के अंदर वेटिंग दिखाने लगता है। ऐसे में अन्य लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। शनिवार को ओल्ड स्टेशन पर दरभंगा के लिए टिकट कराने आए रामसुमेर, मुकेश कुमार, नरोत्तम ने बताया कि उनका तत्काल का नंबर सात के बाद का था। जब तक उनका नंबर आता टिकट वेटिंग बताने लगा। ऐसे में अब उन्हें जनरल टिकट लेकर जाने के सिवाय और कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

फरीदाबाद. फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से गुजरती ट्रेन। (फाइल फोटो)

इन ट्रेनों में बची हैं कुछ सीटें

रेलवे सूत्रों के मुताबिक शनिवार शाम पांच बजे तक 17 ट्रेनों में अलग-अलग डेट की कुछ सीटें बची हैं। ऐसे में जो यात्री घर जाना चाहते हैं उनके लिए उक्त ट्रेनों में अभी विकल्प शेष बचा है। लेकिन ये टिकट 20 जून के बाद की हैं।

दूसरों के टिकट पर यात्रा न करें

गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एडवाइजरी भी जारी की है। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्री निर्धारित खिड़की अथवा ई-टिकट के जरिए ही यात्रा करें। किसी दूसरे की टिकट पर यात्रा करना अपराध है। टिकट चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर यात्रियों से पूरा जुर्माना वसूला जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। रेल प्रशासन का यह भी कहना है कि ई-टिकट से यात्रा करने के दौरान अपने साथ आईडी जरूर रखें। टिकट चेकिंग स्टाफ के मांगने पर आईडी दिखाएं।

ट्रेन नंबर व नाम डेट पर उपलब्ध सीट

12304 पूर्वा एक्सप्रेस 5 जुलाई

12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस 26 जून

12402 मगध एक्सप्रेस 24 जून

13008 तूफान एक्सप्रेस 21 जून

13414 फरक्का एक्सप्रेस 25 जून

13484 फरक्का एक्सप्रेस 26 जून

15623 भगत की कोठी कामाख्या वीकली 27 जून

14056 ब्रह्मपुत्र मेल 24 जून

12274 हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस 26 जून

12394 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 02 जुलाई

14004 नई दिल्ली मालदा एक्सप्रेस 28 जून

04042 आनंद विहार जयनगर स्पेशल 24 जून

13120 दिल्ली सियालदा एक्सप्रेस 26 जून

12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस 27 जून

02366 आनंद विहार टर्मिनल पटना एक्सप्रेस 01 जून

12350 नई दिल्ली भागलपुर एक्सप्रेस 26 जून

13430 आनंद विहार मालदा वीकली एक्सप्रेस 30 जून

निश्चित रूप से बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में इन दिनों भीड़ है। रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। जिन यात्रियों को नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है वे स्पेशल ट्रेनों का टिकट लेकर सफर कर सकते हैं। कई ट्रेनों में 21 जून के बाद सीटें उपलब्ध हैं। यात्री उक्त तिथि के बाद का टिकट लेकर अपने घर जा सकते हैं। -नितिन चौधरी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर रेलवे।

खबरें और भी हैं...