फरीदाबाद |डबुआ पाली रोड स्थित एक अस्पताल में कर्मचारी को ढूंढते हुए आए बदमाशों को जब वह नहीं मिला तो उन्होंने डॉक्टर पर हमला कर दिया। हथियारों से लैस बदमाशों ने डॉक्टर पर फायर करने का भी प्रयास किया, मगर अस्पताल कर्मियों ने बीच बचाव करवाया। इस पर बीच बचाव करने आए अस्पताल के कर्मचारियों को भी बुरी तरह पीटा और डॉक्टर का पर्स छीनकर फरार हो गए। सेक्टर-7 निवासी डॉ. हेम कुमार ने बताया कि उनका पाली रोड पर रौनक अस्पताल है। शुक्रवार को वह सुबह करीब 10 बजे अस्पताल में मौजूद थे। इसी दौरान छह-सात बदमाश हाथों में डंडे व सरिया लेकर पहुंच गए। डॉक्टर के अनुसार उन्होंने गाली गलौज करते हुए उनके कर्मी तारिफ के बारे में पूछा। डॉ हेम ने उन्होंने बताया कि वह अस्पताल में नहीं है। इतना सुनते ही उन लोगों ने डॉक्टर हेम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें लात घूसों से पीटा। हमलावर गांव भांखरी निवासी प्रवीण, नेत्र, लोटस, अजय, नरेश आदि शामिल थे। सभी ने शराब पी हुई थी। नेत्र के हाथ में पिस्तौल थी और उसने डॉक्टर की तरफ फायर करने का प्रयास किया तो अस्पताल में मौजूद लोगों ने उनका बचाव किया। इस पर हमलावरों ने उनको भी पीटा। लोगों का विरोध देखते हुए हमलावर भाग निकले।