सोशल साइट पर लंदन की महिला के नाम से दोस्त बनकर एक युवक से 7 लाख रुपए ऐंठने के आरोप में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस केस को सुलझाने मंे पुलिस की आईटी टीम ने काम शुरू कर दिया है।
ऐसे हुई ठगी: सेक्टर-31 थाने में धीरज नगर की टीटू कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार ने दी शिकायत में कहा 23 जुलाई 2017 को वह अपनी फेसबुक आईडी चेक कर रहा था। इस दौरान लंदन निवासी लोवेथ नामक महिला ने दोस्ती के लिए रिक्वेस्ट भेजी। उसने उसे असेप्ट कर लिया। इसके बाद महिला उसके साथ चैटिंग करने लगी। प्रमोद के अनुसार महिला ने उसे बताया कि वह 31 जुलाई 2017 को भारत घूमने आ रही है। 31 जुलाई को उसके पास मुंबई एयरपोर्ट से फोन आया और फोन करने वाली महिला ने खुद को एयरपोर्ट से अधिकारी बताते हुए कहा कि लंदन से लोवेथ मैडम आई हैं और उन्हें मनी लॉडरिंग सर्टिफिकेट के लिए 42 हजार रुपए की जरूरत है। उन्होंने आपका नंबर दिया है कि आप उनकी मदद कर देंगे। प्रमोद ने पुलिस को बताया कि पहले तो उसने मना कर दिया, मगर लगातार दो-तीन बाद फोन आने पर उसने कथित एयरपोर्ट अधिकारी की ओर से दिए गए बैंक एकाउंट नंबर में वह रुपए जमा करवा दिए। थोड़ी देर बाद फिर से फोन आया कि लोवेथ अपने साथ एक लाख पाउंड का ड्राफ्ट लेकर आई है, जिसे किसी भारतीय बैंक के एकाउंट में जमा करवाना है। प्रमोद उसके लिए भी राजी हो गया। एकाउंट नंबर देने पर उसकी मेल पर एक कोड आया। उसने अपने एकाउंट में वे कोड डाला तो ट्रांजक्शन शुरू हो गई। मगर 40 प्रतिशत ट्रांजक्शन होने पर वह रुक गई और दोबारा कोड मांगने लगी। प्रमोद ने उस महिला को फोन किया तो उसने बताया कि उसको एकाउंट में 2.10 लाख रुपए जमा करवाने होंगे और कोड मिलते ही पैसे उनके एकाउंट में आ जाएंगे। प्रमोद ने रुपए जमा करवा दिए, मगर 80 फीसद ट्रांजेक्शन होने पर वह फिर रुक गई।