नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर निगम कर्मचारी की अनिश्चित कालीन हड़ताल 13वें दिन जारी रही। हड़ताली कर्मियों का आरोप है कि सरकार की हठधर्मिता व सफाई कर्मचारियों के प्रति उदासीन रवैये के कारण अब टकराव बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। सोमवार की हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव सुनील कुमार चिण्डालिया ने की तथा मंच का संचालन कर्मी नेता प्रकाश प्रचारी ने किया। नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर के नेतृत्व में बल्लभगढ़ जोन के मुख्य बाजारों व एनआईटी जोन के एनएच-एक बाजार में जुलूस निकालकर व्यापारी व दुकानदारों से सहयोग मांगा। निगम मुख्यालय के समक्ष धरने पर बैठक कर्मचारियों को सबोधित करते हुए बलवीर सिंह बालगुहेर ने कहा कि जब तक हरियाणा सरकार की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन विभाग के कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन, न्यूनतम वेतन 15 हजार रुपए लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना व हरियाणा प्रदेश की नगरपालिका, नगर परिषद व नगर निगमों से ठेकेदारी प्रथा को समाप्त नहीं करती, जब तक यह हड़ताल मजबूती के साथ प्रदेश में जारी रहेगी।
नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला वरिष्ठ उपप्रधान गुरचरण खाण्डिया व जिला सचिव नानकचंद खैरालिया ने निगमायुक्त मोहम्मद शाइन द्वारा 21 गरीब आउट सोर्सिंग पर लगे कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस देने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि क्या कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए अब प्रदर्शन भी नहीं करने दिया जाएगा।