भास्कर न्यूज | चंडीगढ़/फरीदाबाद
हुडा के जूनियर सिविल इंजीनियर पद की परीक्षा में ब्राह्मणों पर पूछे विवादित प्रश्न पर गुरुवार को सीएम मनोहर लाल ने समाज के लोगाें से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने ब्राह्मण समाज के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ हरियाणा निवास पर सुबह बैठक की, जो एक घंटे तक चली। इस दौरान हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन भारत भूषण भारती को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया।
परीक्षा के लिए पेपर तैयार करने वाली कंपनी पर एफआईआर दर्ज होगी। प्रकाशक को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। पुलिस के अलावा एक उच्च स्तरीय आयोग से भी मामले की जांच कराई जाएगी। जो दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी। भारत भूषण भारती ने कहा कि जांच में सहयोग किया जाएगा।
ये है मामला
एचएसएससी की ओर से हुडा के जूनियर इंजीनियर सिविल पद के लिए ली गई परीक्षा में प्रश्न नंबर-75 में पूछा गया था कि हरियाणा में कौन-सा अपशकुन नहीं माना जाता है? विकल्प में खाली घड़ा, फ्यूल भरा कास्केट, काले ब्राह्मण से मिलना, ब्राह्मण कन्या को देखना दिया गया था। सही उत्तर ‘ब्राह्मण कन्या को देखना’ दिया गया था। इस पर ब्राह्मण समाज के लोगों में रोष था।
हिसार में रोड शो करने गए सीएम मनोहर लाल खट्टर पर युवक ने फेंका काला तेल, गिरफ्तार
हिसार| हिसार में रोड शो के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर गुरुवार को एक युवक ने काला तेल फेंक दिया। इस दौरान वह देवीलाल जिंदाबाद के नारे लगा रहा था। घटना के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले किया। काले तेल से मुख्यमंत्री के कपड़े खराब हो गए। कुछ छींटे उनके चेहरे पर भी लगे। सीएम रोड शो के पहले श्रीदेवी भवन मंदिर गए थे जहां यह घटना हुई। इसके बाद वे मंदिर परिसर के अंदर चले गए। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे अफसरों ने वहां कलेक्टर मनीषा चौधरी को डांट भी लगाई। युवक की शिनाख्त प्रवीण के रूप में की गई है जो जिले के आदमपुर क्षेत्र के जाखौद खेड़ा गांव का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वह मंदिर में भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता बनकर आया था। घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
लापरवाही मिली तो एग्जामिनर पर भी होगी कार्रवाई
बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा के अनुसार, बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा,राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, पृथला विधायक टेकचंद शर्मा, पुंडीर से विधायक दिनेश शर्मा, बहादुरगढ़ से नरेश कौशिक, रोहतक से सुरेश शर्मा, ब्राह्मण नेता मांगेराम शर्मा आदि शामिल थे। बैठक के बाद रामबिलास शर्मा ने बताया कि जांच में मुख्य एग्जामिनर की लापरवाही सामने आई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उधर, ब्राह्मण समाज से जुड़े हरिराम शर्मा ने कहा कि सीएम ने हमारी मांगें मान ली हैं, इससे संतुष्ट हैं। समाज सोनीपत समेत अन्य जगह जो धरने चल रहे हैं, उन्हें समाप्त करेगा। आगे के प्रोग्राम भी रद्द कर दिए हैं।