प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को गुड़गांव के फर्रुखनगर में लगभग 5.7 करोड़ रुपए की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इसमें मिनी बाई-पास से झज्जर (वाया पुलिस स्टेशन) तक की सड़क, फर्रुखनगर के राजीव चौक से बसीरपुर गेट तक की सड़क, सिविल अस्पताल में लाइब्रेरी, पशु अस्पताल में प्रशिक्षण/मीटिंग हॉल, वार्ड नंबर-2 में नवनिर्मित सड़क, वार्ड नंबर-1 व 2 में सड़क, वार्ड नंबर-6 में सड़क आदि का भी उद्घाटन किया। इन कार्यों पर 1.22 करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई है। मंत्री ने वार्ड नंबर-2 में चौपाल, वार्ड नंबर-7 चांदनगर में आरसीसी नाला का निर्माण करने तथा बस-स्टैंड से हेलमंडी डाबोदा मोड़ तक की सड़क का शिलान्यास भी किया। यह सड़क लगभग 3.48 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर नरबीर ने नवनिर्वाचित पार्षदों को नसीहत दी कि वे किसी प्रकार की पार्टी बाजी में ना पड़ते हुए अपने क्षेत्र मे विकास करवाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार उन्हें हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। पार्षदों को चाहिए कि वे जनता के प्रति अपने उत्तरदायित्व को समझते हुए यहां विकास का खाका तैयार करें और लोगों को मूलभूत सुविधाएं जैसे-बिजली, सड़क व पानी आदि उपलब्ध करवाने के लिए सरकार का सहयोग करें। आप विकास के लिए चुने गए हैं, इसलिए जरूरी है कि आप विकास को लेकर रचनात्मक काम करें।
फर्रुखनगर. कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर सिंह ।