कैबिनेट मंत्री के पास आई शिकायत तो परिषद ने तुड़वाया अवैध निर्माण
जेसीबी की मदद से किया गया अवैध निर्माण हटवाते हुए नगर परिषद के कर्मचारी।
भास्कर न्यूज | फतेहाबाद
हंस मार्केट में कैबिनेट मंत्री के सामने आई दुकानदार द्वारा फुटपाथ पर कब्जे की शिकायत के बाद नगर परिषद शनिवार को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटा दिया।
नगर परिषद ईओ अमन ढांडा ने बताया है कि हंस मार्केट के एक दुकानदार ने शिकायत दी थी कि हंस मार्केट में नेशनल हाईवे पर एक कन्फेक्शनरी करने वाली दुकानदार ने फुटपाथ पर कब्जा किया हुआ है। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर कई बार उन्होंने अधिकारियों को शिकायत दी।
शिकायत पर कार्रवाई न होने पर मामला कष्ट निवारण समिति में रखा तो नगर परिषद अधिकारियों को कब्जा हटाने को लेकर आदेश दिए। शनिवार को नगर परिषद अधिकारियों ने फुटपाथ पर किए कब्जे पर जेसीबी चलवा दी। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।