एक्ट में संशोधन के बाद विपक्ष ने की राजनीति: बेदी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से एससी-एसटी एक्ट में संशोधन करने के बाद आरक्षण खत्म करने का प्रचार करने वाले विपक्षी दलों ने हमेशा वोटों की राजनीति की है। इसलिए दलित समाज को अपने हितैषी दोस्त व दुश्मन काे पहचानना चाहिए और विपक्षी दलों के बहकावे में आकर भारत बंद जैसे विरोध प्रदर्शन करने से परहेज करना चाहिए। वे शनिवार को अरोड़वंश धर्मशाला में आयोजित जिला कल्याण विभाग एवं डाॅ. भीम राव आम्बेडकर सभा द्वारा आयोजित बाबा साहेब की 127वीं जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने सिलाई का प्रशिक्षण लेने वाली 150 युवतियों को बिजली से चलने वाली सिलाई मशीनें भी वितरित की।
मंत्री बेदी ने कहा कि वर्तमान में अदालत ने भाजपा सरकार के महत्वपूर्ण 200 निर्णयों को वापस किया है। सरकार अदालत से बड़ी नहीं है। इसलिए समाज को स्थिति को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि इनेलो व कांग्रेस आरक्षण की आड़ लेकर मोदी सरकार को बदनाम करना चाहती है। उन्होंने इनेलो नेता अभय चौटाला निशाना साधते हुए कहा कि वे आज दलित हितैषी होने का दावा करते है लेकिन वीपी सिंह की सरकार द्वारा मंडल कमिशन आयोग की रिपोर्ट लागू करने के विरोध में उनके लोगों ने ही बस स्टैंड, अस्पताल को आग लगाने का घिनौना काम किया था। इसी तरह गोहाना कांड व मिर्चपुर कांड आज कांग्रेस की देन है। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सीएम मनोहरलाल ही डाॅ.अंबेडकर के अनुयायी है। इसलिए दलित समाज को अभी से चुनाव की तैयारी करनी है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि जिन गांवों में 40 फीसदी एससी की आबादी है। उनके गांवों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा स्टडी रूम खोले जायेंगे। गांव के पढ़े-लिखे युवाओं द्वारा छठी से आठवीं तक छात्रों को स्कूल में मिले होमवर्क को पूरा करवाया जाएगा।
जल्द मिलेगा छात्रावास
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 अंबेडकर छात्रवास मंजूर किए जा चुके हैं, जिन पर लगभग 33 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। फतेहाबाद को अगले साल छात्रवास की सौगात मिलेगी।
कार्यक्रम को अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र सबरवाल, सफाई आयोग के चेयरमैन चंद्र प्रकाश बोस्ती और अंबेडकर सभा के अध्यक्ष रमेश ढिंगवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डीसी डाॅ.हरदीप सिंह, एसपी दीपक सहारण, एडीसी डाॅ.जेके आभीर, एसडीएम सतबीर जांगू, भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां, पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, डीआरओ बिजेंद्र भारद्वाज, डीईओ दयानंद सिहाग, कल्याण अधिकारी बलवान सिंह, नप चेयरमैन दर्शन नागपाल, राजेन्द्र भाटिया, जगदीश शर्मा, जोनी खट्टर, जसवंत कांगड़ा, दलीप सिंह बेधड़क, रमेश जोईया, बनवारी लाल गहलोत, सरदारी लाल शर्मा, रिंकूमान, जगदीश नायक, सुलतान नायक, गुलशन हंस, लक्ष्मण नापा, हंसराज सचदेवा, प्रवीण जोड़ा आदि मौजूद थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ने शनिवार को जिलाधिकारियों के साथ हंस मार्केट का दौरा किया और वहां पर व्यापारियों व रेहड़ी संचालकों से मुलाकात की। रेहड़ी संचालन एसोसिएशन ने रेहड़ी लगाने के लिए जगह मांगी जिस पर मंत्री ने उन्हें 5 सदस्यीय कमेटी बनाने को कहा। इसके बाद राज्यमंत्री ने हंस मार्केट के दुकानदारों से भी मुलाकात की और कहा कि हंस मार्केट में बने प्लेटफॉर्म को छोटाकर वहां पर सड़क बनाई जाए।
प्रदेशाध्यक्ष बराला ने डॉ. भीमराव की प्रतिमा पर किए पुष्प अर्पित
टोहाना सिटी | भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक सुभाष बराला ने रतिया रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौंक पर स्थित अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए तथा उपस्थिति को उनके जीवन की उपलब्धियों से अपने जीवन को सार्थक बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज को एक नई दिशा देने का कार्य किया। इस अवसर पर उनके साथ नप प्रधान कुलदीप कुमार, पार्षद वेद जांगड़ा, दीपक खोबड़ा, जगमेल कटारिया, राम निवास, सुभाष गर्ग, प्रदीप, जयदीप बराला व जिले बराला आदि उपस्थित थे।
आम्बेडकर की जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मंचासीन राज्य मंत्री कृष्ण बेदी, डीसी डॉ हरदीप सिंह, एसपी दीपक सहारण व अन्य।
भीम सेना ने रैली निकाली
रतिया | भारत र| डाॅ. बीआर आम्बेडकर सभा की ओर से संविधान निर्माता की 127वीं जयंती मनाई। बादलगढ़ व बबनपुर की भीम सेना द्वारा रतिया की सभा के साथ शहर में रैली निकाली गई। इस मौके पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर फूल-मालाएं अर्पित की। इस मौके पर अमरजीत कौर, पार्षद परमजीत कौर, सुखचैन रत्ताखेड़ा, रोहताश भुक्कल, राजकरण, रमेश लाली, छत्रपाल सिंह आदि उपस्थित थे। वहीं दूसरी ओर खटीक मोहल्ला, गांव भूंदड़वास में भी बाबा साहेब की जयंती मनाई गई।
इसके अलावा गांव ढींगसरा के ग्राम सचिवालय में सरपंच अशोक जाखड़ की अध्यक्षता में संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीम राव अाम्बेडकर का जन्मदिन मनाया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रमोद बैनीवाल पहुंचे। अम्बेडकर सभा के प्रधान सुमेर पंच व संरक्षक गुरदयाल सिंह पंच प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस मौके पर सभा सचिव नरेश कुमार, सरपंच अशोक जाखड़, दौलतराम, ब्लॉक समिति सदस्य मलकीत कड़वासरा, संजय जाखड़, सुदेश जाखड़, विजेंद्र पूनिया, सुनील पंच, राजू, सतीश शर्मा, सुरेश डूडी, गुरदयाल, सतबीर रहे।
बाबा साहेब ने वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा : प्रो. बलियाला
रतिया | पीरु राम काॅलोनी में शनिवार को इनेलो द्वारा डाॅ. भीमराव आम्बेडकर की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रुप से पहुंचे रतिया विधायक रविंद्र बलियाला ने संविधान निर्माता डा. बीआर आम्बेडकर की प्रतिमा पर फूल मालाएं अर्पित की। इस मौके पर विधायक रविंद्र बलियाला ने कहा अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज के पिछड़े लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। इस अवसर पर शहरी इनेलो अध्यक्ष हरबंस खन्ना, राजकुमार मित्तल, वीरेंद्र नारंग, जोगिंद्र तनेजा, मिट्टूराम, पूर्ण चंद उपस्थित थे।
बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलें युवा : अंजू
भट्टूकलां | सूर्या स्कूल सदलपुर में शनिवार को डाॅ. भीमराव आम्बेडकर जयंती मनाई गई। इस कार्यक्रम में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राचार्य अंजू मेहता ने विद्यार्थियों को भीमराव आम्बेडकर के जीवन से जुड़े संदेश दिए। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। हमें बाबा साहब की नीतियों पर चलते हुए समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
लालबती चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर नमन करते हुए इनेलो विधायक बलवान दौलतपुरिया, पार्टी जिला प्रधान बलविंद्र कैरों व अन्य।
जमालपुर शेखां व स्टेशन पर मनाई बाबा साहेब की जयंती
जमालपुर शेखा | गांव जमालपुर शेखां व रेलवे स्टेशन पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर स्टेशन मास्टर हरिभजन लूना ने कहा कि बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर चल कर ही समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर जलपान भी चलाया गया। इस अवसर पर फैलीराम मीणा व जोगिंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। इसके अलावा गांव में आंगनबाड़ी वर्करों द्वारा भी बाबा साहब के जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में किरण, सरोज, विमला, मीरा, राधा, धर्मा इत्यादि उपस्थित रही।
सब्जी मंडी में एकत्र हुए कांग्रेसी
फतेहाबाद | संविधान बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सब्जी मंडी में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकांश कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता थे। संविधान बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों का कहना है कि अरोड़वंश धर्मशाला में जो जयंती समारोह हुआ था। वह भाजपा सरकार का था। जो राजनीति से प्रेरित था।