भट्ठा मजदूरों ने धरना दिया
फतेहाबाद | भोडा होशनाक में भट्ठा मजदूरों ने श्रम व समझौता अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने, भट्ठा मालिक पर बंधुआ मजदूर एक्ट के तहत केस दर्ज करने, नये रेट से हिसाब करवा कर घर भेजने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी लाल झंडा भट्ठा मजदूर यूनियन के बैनर के नीचे भट्ठा मजदूरों का धरना जारी रहा। धरने की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान मदन सिंह ने की।
मजदूरों ने जिला प्रधान मदन सिंह पर किए गए जानलेवा हमले, उसे जातिसूचक गालियां देने के मामले में भट्ठा मालिक व उसके बेटों पर केस दर्ज कर कार्रवाई करने की भी मांग की। मजदूर परिवार सहित डीसी कार्यालय के समक्ष भूखे प्यासे बैठे हुए हैं, उनकी कोई सुध लेने वाला नहीं। धरने को सीटू जिला सचिव ओमप्रकाश अनेजा, वन विभाग मजदूर यूनियन के राज्य महासचिव राजकुमार निराणियां, एसएफआई के राज्य अध्यक्ष शाहनवाज, जनवादी नौजवान सभा के जिला प्रधान रामनिवास ने समर्थन करते हुए शासन की लापरवाही की कड़ी निंदा की और अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।