फसल का मुआवजा देने की मांग को लेकर डीसी से मिला प्रतिनिधिमंडल
किसान सभा फतेहाबाद का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रधान का. रामस्वरूप ढाणी गोपाल के नेतृत्व में डीसी से मिला और मांग पत्र सौंपा। सभा ने डीसी से मांग की है कि भूना में जिस किसान की गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ी है, उसको मुआवजा दिया जाए। किसान की गेहूं की पूरी फसल की भरपाई करवाई जाए ताकि किसान कर्जे से बच सके। किसान सभा ने कहा कि एक वीडियो के आधार पर पुलिस कर्मचारियों को आग बुझाने में सहयोग करने पर इनको ईनाम देकर प्रोत्साहित करना अच्छा कदम है लेकिन उसी वीडियो के आधार पर किसान की फसल की भरपाई की घोषणा भी की होती तो और भी अच्छा होता।
इसके अलावा किसान सभा ने उपायुक्त से जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर गेहूं की सुचारू रूप से खरीद शुरू करवाने और किसानों को सुविधाएं मुहैया करवाने की भी मांग की। जिला प्रधान रामस्वरूप ढाणी गोपाल ने बताया कि जिले की कुछ मंडियों में 2 दिन से गेहूं की खरीद शुरू हुई है लेकिन कुछ मंडियों में आज तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो पाई है जिससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर जिला उपप्रधान मलकीयत सिंह, बलबीर सिंह गोरखपुर, जिला सचिव रामसिंह एडवोकेट, सुरेंद्र गोरखपुर, मोहन लाल नारंग आदि मौजूद रहे।