एसडीएम, सिटीएम, डीआरओ और क्लर्कों ने लिया प्रशिक्षण
कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के दौरान ई-दिशा केंद्रों में ऑनलाइन कार्य बाधित न हो, इसे लेकर अब प्रशासन संबंधित अधिकारियों व क्लर्कों कंप्यूटर प्रशिक्षण देने में जुट गया है। बुधवार को एसडीएम, सिटीएम, डीआरओ समेत संबंधित क्लर्कों को कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया गया है। हालांकि संबंधित अधिकारियों व क्लर्कों को कंप्यूटर सीखने संबंधी एक साल पहले आदेश जारी हुए थे, अब जब कंप्यूटर ऑपरेटर अचानक हड़ताल पर गए तो काम बाधित होने लगा। इसे देखते हुए अब तुरंत ही अधिकारी व क्लर्क कंप्यूटर सीखने लगे हैं।
डीसी हरदीप सिंह के आदेशानुसार बुधवार को लघु सचिवालय स्थित एनआईसी की आईटी लैब में जिला की तीनों सभी उपमंडल फतेहाबाद, रतिया व टोहाना तथा सभी तहसील, उप तहसील में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। फतेहाबाद एसडीएम सतबीर सिंह जांगू, रतिया एसडीएम देवीलाल सिहाग, डीआरओ बिजेंद्र भारद्वाज सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को डीआईओ सिकंदर ने बेहतर तरीके से प्रशिक्षण दिया।
इस मौके पर एसडीएम सतबीर सिंह जांगू व देवीलाल सिहाग व डीआरओ ने संयुक्त रूप से बताया कि भूमि रजिस्ट्री, मोटर वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस आदि ई-दिशा से संबंधित अन्य कार्यों के लिए आईटी लैब में प्रशिक्षण प्राप्त किया है ताकि कंप्यूटर प्रोफेशनल की हड़ताल के दौरान कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी व कर्मचारी अपडेट है। उन्होंने बताया कि जनता के कार्यों में किसी प्रकार की कोई बाधा न आए और इनके कार्यों को समय पर निपटाया जा सके।
फतेहाबाद। लघु सचिवालय स्थित आईटी लैब में कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त करते एसडीएम सतबीर जांगू, सीटीएम देवीलाल सिहाग व डीआरओ बिजेंद्र भारद्वाज।