पैच उखड़ने से जगह-जगह गड्ढे बनने हादसों का डर
भास्कर न्यूज | रतिया
बीएंडआर विभाग द्वारा शहर से गुजरने वाले भीखी, फतेहाबाद नेशनल हाइवे पर 15 दिन पहले लगाए पैच उखड़ गए हैं। पैच उखड़ने से जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। इनसे आए दिन हादसे हो रहे हैं। विभाग ने करीब 15 दिन पहले नेशनल हाईवे पर फतेहाबाद रोड, संजय गांधी चौक, बुढलाडा रोड, घग्गर पुल पर बने गड्ढों पर पैच लगाए थे। इसके लिए पैच वर्क अभियान के तहत इनमें मेटेरियल डाला गया था, लेकिन वाहनों के आवागमन के कारण पैच उखड़ गए हैं।
अब रोड पर जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। आए दिन कोई न कोई वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहा है। मौजूदा समय में सरदूलगढ़ कैंची, रत्ताखेड़ा ब्रांच पुल, मंडी मोड़, संजय गांधी चौक, अस्पताल के सामने, बस स्टैंड के सामने व घग्घर पुल के पास कई जगहों पर गड्ढे बने हुए हैं। दूर से वाहन चालकों को इनका पता नहीं चलता। जब तक गड्ढे नजर आते हैं, तब तक चालक संतुलन खो बैठते हैं। आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि विभाग इन्हें ठीक करे, ताकि हादसे न हों। जेई संदीप सचदेवा ने कहा कि गड्ढों को ठीक करवा दिया जाएगा।