पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहरवासी लगा रहे कचरे को आग, धरनारत कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में अन्य काम भी नहीं होने दे रहे

शहरवासी लगा रहे कचरे को आग, धरनारत कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में अन्य काम भी नहीं होने दे रहे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों, दमकल कर्मचारियों का धरना व हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। पिछले 8 दिन से शहर में सफाई नहीं हुई, न ही घरों व दुकानों से कचरा उठा है। लोग कचरे को आग लगाकर उसके निस्तारण को मजबूर हैं। वहीं हड़ताली कर्मचारी अपने काम ठप करने के साथ-साथ नगर परिषद में दूसरे काम भी नहीं होने दे रहे हैं। किसी तरह के विवादों से बचने के लिए कर्मचारी कार्यालय में नहीं आ रहे हैं। नप कार्यालय के शट्‌टर पूरा दिन गिरा रहा। जिसके चलते लोग नगर परिषद से जुड़े काम नहीं करा पाए। एक तरह से जिला प्रशासन, नगर परिषद प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों के सामने घुटने टेक दिए हैं।

पूरा दिन बंद रहा शटर

हड़ताल के दौरान बुधवार को नगर परिषद कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार व शट्‌टर बंद रहा। सफाई कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिए। कार्यालय में दूसरी शाखाओं के कर्मचारी व अधिकारी सुबह एकबारगी अपनी ड्यूटी पर आए, लेकिन जैसे ही सफाई कर्मचारियों को पता लगा तो उन्होंने वहां जाकर सहयोग की अपील की। वहीं दूसरे कर्मचारियों ने मामला न बढ़े, अपनी-अपनी सीट छोड़कर चले गए। इस तरह से बुधवार को पूरा दिन ऑफिस बंद रहा। किसी का कोई काम नहीं आया। दूसरे कर्मचारी अपने-अपने घरों में रहे। इससे पहले भी एक दिन सफाई कर्मचारियों ने कार्यालय के गेट बंद कर दिए।

सफाई न होने से शहर की सड़कों, गलियों पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। वहीं दुकानदार परेशान हैं। उन्हें कचरे के ढेर को आग लगाकर काम चलाना पड़ रहा है। शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं हैं, जहां जगह-जगह कचरे के ढेर न दिखें। वहीं प्रशासन की ओर से अनदेखी की जा रही है वहीं हड़ताल के खत्म होने का इंतजार किया जा रहा है। नगर परिषद कार्यालय के कार्यालय के प्रांगण में भी जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। जहां कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, उसके आस-पास जगह-जगह कूड़ा पड़ा है।

फतेहाबाद। हड़ताल के दौरान नारेबाजी करते हुए नगर परिषद कर्मचारी।

फतेहाबाद। शहर में जमा कूड़े को लोगों द्वारा लगाई गई आग।

ट्रॉलियों में पड़ा कूड़ा बदबू मार रहा

बीते शनिवार को प्रशासन की ओर से दिहाड़ी पर मजदूर लगाकर शहर से कचरा उठाने का प्रयास किया था, जिसकी खबर हड़ताली कर्मचारियों को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए। जिन ट्रॉलियों में कूड़ा भरा था, उनकी हवा निकाल कर नगर परिषद कार्यालय में खड़ा कर दिया गया था। आज भी वह ट्रैक्टर ट्रॉलियां कूड़े समेत वहीं है। चार दिन में उस कूड़े से बदबू आ रही है। जोकि समय के साथ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती है। यह ट्रॉलियां धरना स्थल से महज 40 कदम दूर खड़ी हैं।

कांग्रेस ने किया नपा कर्मचारी संघ का समर्थन

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर टीम ने कर्मचारियों की सभी मांगों को जायज ठहराया और उनको साथ देने का वादा किया। शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार व सरकार के नुमाइंदों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। सरकार के स्वच्छ भारत अभियान की पोल खुल चुकी है। समर्थन देने के लिए कांग्रेस व्यापार सैल के उपाध्यक्ष एवं इंस्ट्रीयल एरिया एसोसिएशन के प्रधान नरेश सरदाना, कांग्रेस प्रदेश सचिव ठाकुर भवानी सिंह, सुभाष बिश्नोई, सुरजीत मेडल, राजेश वर्मा, मीडिया कॉर्डिनेटर कांग्रेस प्रवीन भिरडाना, राजेश गांधी आदि मौजूद रहे।

हड़ताल को माकपा ने दिया समर्थन

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) ने भी नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल व उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन किया है। राज्य सचिव सुरेंद्र मलिक, जगतार सिंह, रामकुमार, रामस्वरूप, विष्णु दत्त, रमेश जांडली, ओमप्रकाश, राजकुमार, रामचंद्र, मोहनलाल, अंग्रेज सिंह, केवल सिंह, रमेश रत्ताखेड़ा, छत्रपाल सिंह शामिल थे।

आज ऑफिस खुलेगा, बंद नहीं होने देंगे: प्रधान

हड़ताल को लेकर सरकार ने निर्णय लेना है। डीसी साहब बाहर हैं, उनसे भी चर्चा नहीं हो पाई है। वहीं बात रही ऑफिस के गेट बंद करने की तो गुरुवार को यह नहीं होने देंगे। ऑफिस खुला रहेगा, बाकी कर्मचारी काम पर दिखेंगे।\\\'\\\' दर्शन नागपाल, प्रधान, नगर परिषद, फतेहाबाद।

कर्मचारियों ने मांगों को लेकर की बैठक

भट्टूकलां | भट्टू कलां में खंड स्तर पर सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया। सीटू के माध्यम से जिला स्तर पर चल रही सफाई कर्मचारियों को हड़ताल में समर्थन दिया। खंड प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें समान काम समान वेतन दिया जाए। सफाई कर्मचारियों को सप्ताह में अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह एक दिन का अवकाश घोषित किया जाए।

खबरें और भी हैं...