नए मतदाताओं को शामिल करने व मृतकों के नाम काटने को लेकर चलेगा अभियान
भारत निर्वाचन आयोग एवं हरियाणा निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरदीप सिंह के मार्गदर्शन में एक जनवरी 2019 को क्वालीफाई तिथि मानकर वांछित पात्र मतदाताओं से फार्म नंबर 6 भरवाकर भावी मतदाताओं की सूची तैयार करना। इसके लिए सभी बीएलओ विशेष अभियान चलाए और घर-घर जाकर सर्वे करे। ये निर्देश फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडलाधीश सतबीर सिंह जांगू ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में फतेहाबाद व रतिया विस क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) व सुपरवाइजरों की बैठक को संबोधित करते हुए दिए। इस मौके पर चुनाव कार्यालय के नायब तहसीलदार हनुमान दास, कानूनगो राजकुमार, मास्टर ट्रैनर रमेश कुमार, मनोज कुमार, अवनीश कुमार सहित दोनों विस क्षेत्रों के बीएलओ व सुपरवाइजर उपस्थित थे। एसडीएम ने कहा कि आगामी 31 मई तक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो के स्थान पर कलर फोटो मतदाताओं से प्राप्त करे। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपना रंगीन फोटो संबंधित बीएलओ को जरूर दें।
उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान गैर हाजिरी व स्थान छोड़कर चले गए तथा मृतक मतदाताओं को मतदाता सूची में चिन्ह्ति करना व उनकी सूची प्रस्तुत करना ताकि समयानुसार कार्य सम्पन्न किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का मोबाइल नंबर व ईमेल, 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का सर्वेक्षण, पीडब्लूडी मतदाता की मार्किंग करनी है। एसडीएम ने यह भी कहा कि मतदान केंद्रों का रेशनेलाइजेशन संभावित मतदान केंद्रों की सूची भी तैयार करना है। इसके साथ-साथ जो युवा आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे उनकी सूची भी तैयार करनी है।