मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा है कि यदि हड़ताल समाप्त नही हुई तो सभी धार्मिक-सामाजिक संगठनों, पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों का सहयोग लेकर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सरकार सकारात्मक सोच के साथ सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है और सभी नागरिकों का भी फर्ज बनता है कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़चढ़कर भाग ले और गांवों तथा शहरों को स्वच्छ व सुंदर बनाएं।
गुरूवार को भूना रोड स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। वे भूना रोड स्थित रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। फतेहाबाद पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां, एसडीएम सतबीर जांगू व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र ने मीडिया सलाहकार का स्वागत किया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर कहा कि सरकार इस मामले को बातचीत से निपटाना चाहती है। कोई टकराव न हो, इसलिए ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया। वहीं कर्मचारियों की मांग है कि ठेकेदारों को बीच में हटाया जाए, जोकि नियमों के विपरित है। भविष्य में ठेका नहीं देने के संबंध में सरकार द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। जैन ने कहा कि यदि कोई ठेकेदार कर्मचारियों के ईपीएफ जैसे लाभ नहीं प्रदान नहीं कर रहा है और उनके भत्तों में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी कर रहा है तो उसके विरूद्व विजिलेंस जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने बारे वर्ष 2016 में माननीय न्यायालय द्वारा स्टे किया गया है, जिसके संबंध में सरकार द्वारा भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों को आवासीय सुविधा देने के लिए हरियाणा सरकार कर रही अध्ययन
राजीव जैन ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ज्यादातर पत्रकार अपने गृहक्षेत्र से दूर विभिन्न स्थानों पर कार्य करते हैं। ऐसे में स्थाई निवास न होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसी परेशानियों के मद्देनजर प्रदेश सरकार द्वारा हाउसिंग बोर्ड पॉलिसी के तहत पत्रकारों को भी आवासीय सुविधा देने के लिए अध्ययन किया जा रहा है। यह पॉलिसी लागू होने उपरांत पत्रकारों को कार्यस्थल के आसपास आवासीय सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। वहीं पत्रकारों की मांग के अनुरूप सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में सभी सुविधाओं और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित मीडिया सेंटरों की स्थापना की है। जिला के एक मीडिया सेंटर के निर्माण पर दस लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को मान्यता देने के कार्य का सरलीकरण किया जा रहा है। कर्नाटक में हुए चुनाव को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है और महामहिम राज्यपाल ने पार्टी को सरकार बनाने का मौका दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल की विदेश यात्रा पर जाने बारे पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्र का उत्तर देते हुए मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि भाजपा संस्कारवान लोगों की पार्टी है। अग्निशमन विभाग के बारे पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए जैन ने कहा कि सरकार द्वारा बेहतर नीति बनाई गई है। नियमों व कानूनों में संशोधन किया है तथा योग्यताएं निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए भी प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिन ड्राईवरों के लाइसेंस नहीं है, उन्हें भी लाइसेंस उपलब्ध करवाने बारे गुरुग्राम में प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। जैन ने फतेहाबाद व भूना के पार्षदों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आम नागरिकों की कठिनाइयों को भी सुना। अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां, नप चेयरमैन दर्शन नागपाल, डॉ. राम मेहता, कंवल चौधरी, गुलशन हंस, जोनी खट्टर, विजय गोयल, बलजीत सोनी, बलदेव ग्रोहा, हंसराज सचदेवा, जीतू बाबल, श्याम कम्बोज, पार्षद प्रतिनिधि सोनू कुक्कड़, प्रमोद ग्रोवर डबली, सुरेंद्र मिढ्ढा, मनोज नारंग, सौरभ मेहता, मुकेश सिंगला, मंजीत शर्मा उपस्थित थे।
प्रदेश भर में जारी नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल के बाद क्षेत्र में बिगड़ी सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर इनेलो विधायक बलवान दौलतपुरिया डीसी हरदीप सिंह से मिलेंगे। डीसी से मिल इनेलो विधायक गंदगी से बीमारियां फैलने के खतरे को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग रखेंगे। इनेलो विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने हड़ताल खत्म करवाने के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई तो अगले चंद दिनों में प्रदेश महामारी की चपेट में होगा, जिसके लिए सीधे तौर पर स्वच्छता अभियान का राजनीतिक स्वांग रचने वाली भाजपा ही जिम्मेवार होगी। दौलतपुरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार को इस मामले में जल्द से जल्द नप कर्मियों के साथ न्याय करते हुए उन्हें राहत प्रदान करनी चाहिए। साथ ही जब तक हड़ताल खत्म न हो, तब तक आमजन को गंदगी और बीमारियों की मार न झेलनी पड़े इसके वैकल्पिक समाधान खोजने चाहिए।
कर्मचारियों की हड़ताल खत्म न हुई तो आज से सरकार जनता के सहयोग से चलाएगी सफाई अभियान: जैन
रेस्ट हाउस में पत्रकारवार्ता करते राजीव जैन, साथ हैं वेद फुलां, दर्शन नागपाल व अन्य।
इनसो ने भी चिंता जताई
इंडियन नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन (इनसो) के फतेहाबाद शहरी प्रधान रजत खांडा ने शहर में फैली गंदगी पर चिंता जताई है। उन्होंने शहर भर में फैले गंदगी के लगे ढेर पर सरकार को कोसते हुए कहा कि गंदगी के वजह से शहरभर में गंदगी के कारण भयंकर महामारी फैलने के कगार पर है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। अब कर्मचारी जहां अपनी जायज मांग के लिए हड़ताल कर रहे हैं, सरकार उनकी मांगे पूरी करने की बजाए इस मुद्दे को भटका कर कर्नाटक चुनाव में बहुमत आने पर लड्डू बांटती फिर रही है।