बच्चों को पढ़ाते समय अपने स्वयं के बच्चे मानें और स्कूलों में स्वच्छ व बेहतर वातावरण तैयार करें। इसके साथ-साथ स्कूल स्टाफ टीम वर्क की भावना से बच्चों को पढ़ाना सुनिश्चित करें तो शत प्रतिशत परिणाम से इंकार नहीं किया जा सकता।
यह बात उपमंडलाधीश सतबीर जांगू ने शुक्रवार को बीईओ कार्यालय में सक्षम हरियाणा के तहत आयोजित शिक्षा विभाग द्वारा प्राध्यापक व अध्यापकों को बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। इस मौके पर बीईओ कुलदीप सिहाग, टीम सक्षम से अनुराग धारीवाल, डाइट प्रवक्ता बलविंदर खुराना, राकेश मखीजा सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, मुख्य अध्यापक व अध्यापक मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि स्कूल समय में मुख्य अध्यापक भाईचारा न बरतें बल्कि अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी व निष्ठा से करें। स्वयं मुख्य अध्यापक भी समय-समय पर बच्चों की कक्षा लें व बच्चों के साथ संवाद करे। टीचर डायरी भी चैक करें, टीचर डायरी अध्यापक का दर्पण है इस पर विशेष ध्यान दें। समय का सदुपयोग करें इसे व्यर्थ न करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग 1 जून से अवकाश के दिनों में अध्यापकों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करवाएं।