भूना | गांव डूल्ट में दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया गया है। किंतु की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध करके पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कुछ युवक एक किरयाणा की दुकान पर बैठकर मोबाइल फोन पर तेज आवाज में गाने सुन रहे थे। जिसे लेकर दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने उन्हें आवाज कम करने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके दौरान दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले, जिसमें दोनों ही गुटों के कई लोगों को चोटें आई हैं। लेकिन अधिक चोटें आने के कारण 7 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया गया है। घायलों में महेंद्र सिंह व उसका बेटा पवन कुमार, राजेश कुमार तथा रवि कुमार शामिल हैं। जबकि दूसरे पक्ष के शेर सिंह, सूबे सिंह, बलवान सिंह को गंभीर चोटे लगने के कारण सीएचसी भूना में दाखिल करवाया गया, किंतु चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फतेहाबाद व अग्रोहा रेफर कर दिया है।