गर्मी का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा। दिन ब दिन लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। शनिवार को फतेहाबाद का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोगों को गर्मी से राहत मिलने का नाम नहीं ले रही थी। नागरिक अस्पताल में उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल के फिजिशियन डाॅ.अजय चुघ ने लोगों को खुले में रखी खाद्य सामग्री से परहेज करने की हिदायत दी है और अधिक पानी का सेवन करने को कहा है। गर्मी के चलते दोपहर में लोग घर से बाहर निकलते हुए भी कतरा रहे है। मौसम की मार से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
गर्मी के प्रकोप के चलते दोपहर में बाजारों में सन्नाटा है। गर्मी बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में तापमान में बढ़ोतरी होगी।