इनेलो विधायक बलवान दौलतपुरिया ने कहा कि एसवाईएल का पानी हरियाणा को दिलाने को लेकर जारी इनेलो-बसपा का संघर्ष अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला व बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती के नेतृत्व में जारी जेल भरो आंदोलन अहम साबित हो रहा है।
वे 22 मई की सुबह जिला मुख्यालय पर होने वाले इनेलो-बसपा के जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए जारी जनसंपर्क अभियान के तहत गांव बरसीन में ग्रामीण सभा को संबोधित कर रहे थे। आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है और इनेलो-बसपा के जिला फतेहाबाद के विभिन्न हिस्सों के कार्यकर्ता संख्या में नया बस स्टैंड के सामने स्थित अनाज मंडी शैड के नीचे एकत्रित होंगे। इसके बाद ये कार्यकर्ता नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा व बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती के नेतृत्व में अनाज मंडी से लघु सचिवालय विरोध प्रदर्शन करते हुए पहुंचेंगे, जहां एसवाईएल का पानी सुप्रीम कोर्ट के निर्णयनुसार हरियाणा को दिलाए जाने की मांग को लेकर पार्टी नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता गिरफ्तारियां देंगे। ग्रामीण सभाओं को इनेलो राष्ट्रीय सचिव युद्धवीर आर्य, बसपा प्रदेश महासचिव कृष्ण जमालपुर, इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोलूराम रूहलानिया, वरिष्ठ नेत्री विद्या रत्ति, महिला विंग जिला प्रधान सरोज सांगा, सुमनलता सिवाच, बसपा जिला प्रभारी बलवान सिंह भानखड़, बसपा हलकाध्यक्ष कृष्ण बडग़ुज्जर व इनेलो हलकाध्यक्ष भरत सिंह परिहार ने भी संबोधित किया।
अब चलेगी बदलाव की लहर: निशान
टोहाना | कर्नाटक में भाजपा के अहंकार की हार तथा लोकतंत्र की जीत हुई है। अब देशभर में बदलाव की लहर चलेगी जिससे मायावती देश की प्रधानमंत्री व ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा के मुख्यमंत्री होंगे। यह बात इनेलो किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने कही। वे किसान विश्राम गृह पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में न्यायालय ने लोकतंत्र को बचाया है। निशान सिंह ने कहा कि एसवाईएल के पानी सहित अन्य विभिन्न मुद्दों पैट्रोल डीजल के बढ़ते दाम, स्वामी नाथन की रिपोर्ट, बिगड़ती कानून व्यवस्था आदि को लेकर 22 मई को किया जाने वाला जेल भरो आंदोलन सफल रहेगा। इस अवसर पर हलका प्रधान हरी सिंह डांगरा, शहरी प्रधान रमेश गोयल, जगदीश पाहवा, ओंकार गर्ग, शमशेर सिंह, जतिन खिलेरी, सुभाष गोयल, बलवीर शर्मा, कुलदीप सैनी, कपिल अरोड़ा व जोनी मेहता आदि मौजूद थे।