कर्मचारियों को जिन जायज मांगों को सरकार द्वारा मंजूरी दी गई है, लेकिन फिर भी अधिकारी उन्हें लागू न करके कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। यह बात हरियाणा पीडब्लूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान सीताराम सुथार ने कही।
वह कर्मचारियों की मांगों को लेकर यूनियन की ओर से भट्टू रोड स्थित मुख्य जलघर में आयोजित धरने में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। धरने में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। धरने की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान सीताराम सुथार ने की जबकि संचालन सचिव रमेश जग्गा व धर्मपाल ने किया। धरने को संबोधित करते हुए सुथार ने कहा कि हम इस धरने के माध्यम से सरकार से एक्सईएन के खिलाफ जांच करने की मांग करते हैं। जिला प्रधान सुभाषचंद्र गोदारा व राज्य उपप्रधान जगदीश चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा देय कई मांगे जैसे डांगरी, व साइट पर अन्य उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए। यहां स्टोर में कार्यरत चौकीदार को स्टोर में ड्यूटी करवाने की बजाय अधिकारी द्वारा अपने आवास की चौकीदारी करवाई जा रही है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।
धरने को जिला सचिव रिसाल सिंह, कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह वर्मा, जगदीश चंद्र, पिरथी सिंह, रामपाल, राजेंद्र लाठर, प्रेमी सिंह कुंदनलाल, रामप्रताप, रामकुमार, जगदीशचंद्र, राजूराम शर्मा, कालूराम, बंंसीलाल, भालसिंह, मुकेश कुमार, कुबेर सिंह, हरिसिंह, विजय सिंह, जोगेंद्र सिंह, सतबीर सिंह आदि नेताओं ने संबोधित किया।
एक्सईएन के खिलाफ आयोजित धरने में नारेबाजी कर रोष व्यक्त करते हुए हरियाणा पीडब्लूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के सदस्य।