नीमकाथाना/सिरोही| कस्बे के मुख्य बस स्टैंड से शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कर दिया। सुबह तहसीलदार सरदार सिंह गिल, पीडब्ल्यूडी के आरके मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। मामले में चार अप्रैल को सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि बस स्टैंड के अतिक्रमण से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्राम पंचायत ने मामले में अतिक्रमियों को नोटिस दिए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीएम के आदेशों की पालना में यहां अतिक्रमण तोड़ा गया। कई लोगों ने मंगलवार तक का समय मांगा। कहा, हम खुद ही स्टॉल हटा लेंगे, लेकिन अधिकारियों ने मना कर दिया।
बैठक में आरक्षण आंदोलन पर चर्चा की
नीमकाथाना| हीरानगर स्थित गुर्जर छात्रावास में गुर्जर समाज की बैठक हुई। अध्यक्षता फूलचंद खटाणा व राजपाल डोई ने की। बैठक में वक्ताओं ने कहा, 23 मई को कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला द्वारा निर्णय लेने के बाद ही आंदोलन किया जाएगा। आरक्षण गुर्जर समाज का हक है। मुकेश कसाणा, पूर्व विधायक फूलचंद गुर्जर, देवसेना अध्यक्ष लालचंद गुर्जर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष योगेश गुर्जर, कालूराम सरपंच, करणसिंह बोपिया, पूर्व सरपंच शिवचरण, कॉ. रोशनलाल, सुमित नानगवास, भूपसिंह, तेजपाल गुर्जर, सुरेंद्र पंडाली, नागरमल गुर्जर आदि मौजूद रहे।
ब्राह्मण महासभा की आमसभा आज
रींगस | नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 14 में स्थित श्री परशुराम भवन ब्राह्मण धर्मशाला में 20 मई को शाम साढ़े चार बजे श्री ब्राह्मण महासभा समिति की वार्षिक आमसभा होगी। समिति अध्यक्ष व पार्षद अखिलेश भातरा तथा महामंत्री व भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष राकेश शर्मा भादूपोता ने बताया कि आमसभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2016-17 का आर्थिक लेखाजोखा व अंकेक्षण रिपोर्ट पेश कर महासभा की संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही समाज व भवन के विकास पर सुझाव लेकर उन पर निर्णय किया जाएगा।
फतेहपुर में बीडीओ को दी विदाई
फतेहपुर| पंचायत समिति बीडीओ अजीत सिंह के स्थानांतरण पर बुधगिरीजी की मढ़ी पर योग साधकों ने विदाई दी। बीडीओ कस्बे के बुद्धगिरीजी कामधेनु योग शिविर के नियमित साधक हैं। उनके स्थानांतरण पर योग साधकों की तरफ से सम्मानित किया गया। सीताराम, कमल सैनी, नरेंद्र जांगिड़, दिनेश धनकर, सतीश शर्मा, विकास नोवाल सहित अनेक योग साधक उपस्थित थे।
राष्ट्रीय सचिव का स्वागत किया
लक्ष्मणगढ़| युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सहप्रभारी विनित कंबोज व अन्य पदाधिकारियों का शनिवार को लक्ष्मणगढ़ आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। युवक कांग्रेस के राहुल खान ने बताया कि युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सहप्रभारी विनित कंबोज, सोशल मीडिया संयोजक जसकरण व प्रदेश सचिव रामनिवास बिड़ोदी का नेशनल हाईवे पर युवा कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया। इस अवसर पर हाकम अली, याकूब बेहलीम, इमरान तगाला, तारिफ सरखेल, असलम तगाला, मुस्तकीम, सोनू जोया, साजिद, असरफ, अकरम चौहान, रफीक रंगरेज, युनूस, जाकीर, सब्बीर, असमुद्दीन, जाकीर व बिहारी बालान आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदर्शन पर चर्चा की
लक्ष्मणगढ़| अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय त्रिलोक सिंह मेमोरियल भवन में हुई। बाबूलाल भातरा ने बताया कि तहसील अध्यक्ष भोजराज व पर्यवेक्षक रूड़सिंह महला की मौजूदगी में हुई बैठक में 23 मई को जयपुर में होने वाले प्रदर्शन, नौ अगस्त को कलेक्ट्रेट पर होने वाले प्रदर्शनों व किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी के लिए चलाये जाने वाले हस्ताक्षर अभियान के बारे में चर्चा की गई।
कॉलेज ट्रस्ट की भूमि पर कब्जे का प्रयास
लक्ष्मणगढ़| सेठ भगवानदास तोदी कॉलेज ट्रस्ट के भूखंड पर कब्जा करने के प्रयास का मामला स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज करवाया गया है। कॉलेज के सचिव आशकरण शर्मा द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार कॉलेज के सामने स्थित ट्रस्ट के एक खाली भूखंड जिस पर हाईकोर्ट में वाद चल रहा है। उस भूखंड पर कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस भूखंड पर गत रविवार को 15-20 लोगों ने निर्माण सामग्री एकत्रित कर उसमें सीमेंट ब्लॉक की गुमटी नुमा कमरा भी बनवा दिया।लेकिन पुलिस के पहुंचने पर वे लोग वहां से भाग निकले। पुलिस ने कस्बे के प्रकाश व विनोद सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते एक पकड़ा
सीकर | राजस्थान रॉयल्स और बैंगलुरू के बीच में चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते समय पुलिस ने एक जने को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार मोबाइल, एक लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, एक पेटी व लाखों रुपए के हिसाब की पर्चियां बरामद की हैं। एसआई संगीता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनोद पुत्र शंभुदयाल निवासी वार्ड नंबर-27 पंडितजी की कोठी सांवली रोड है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम पंडितजी की कोठी सांवली रोड पर पहुंची तो आरोपी आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सामान जब्त कर लिया।