फतेहपुर | नगरपालिका में सफाईकर्मियों की भर्ती में वंचित परिवारों के सदस्य को नौकरी देने के लिए वाल्मीकि युवा शक्ति संगठन ने सोमवार को एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष महेश वाल्मीकि ने बताया कि ज्ञापन में मुख्यमंत्री को जानकारी देकर मांग की गई कि नपा में 64 सफाई कर्मियों की भर्ती में लाॅटरी प्रक्रिया निरस्त की जाए, जिन परिवारों के सदस्य नौकरी पर नहीं है, उन्हें नौकरी दी जाए। वाल्मीकि समाज के अलावा अन्य किसी व्यक्ति को नौकरी नहीं दी जाए। पालिका क्षेत्र के बाहर के लोगों को नौकरी नहीं दी जाए। ज्ञापन पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की मांग
रामगढ़ शेखावाटी | ग्राम नारसरा में अवैध शराब की बिक्री को बंद करने की मांग को लेकर ग्रामीणों के द्वारा एसडीएम रेनु मीणा को ज्ञापन देकर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। विद्याधर नारसरा, सुनील मेघवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि नारसरा के आम रास्ते पर दो दुकानों के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है, इसमें एक दुकान राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय कायमसर जाने वाले रास्ते पर स्थित है। ग्रामीणों ने एसडीएम से तुरंत मामले में कार्रवाई करने की मांग की हैं।