एसपी ने शहर का पैदल दौरा कर लिया जायजा, लोगों से मिलकर जानी समस्याएं
सीकर| पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार राठौर ने बुधवार को शहर के विभिन्न बाजारों का पैदल जायजा लिया और मौके से ही यातायात निरीक्षक को व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसपी ने फतेहपुरी गेट से गणेश मंदिर, सुभाष चौक, सर्राफा बाजार, घंटाघर, सूरजपोल तक व्यवस्थाओं को देखा। फागलवा पेट्रोल पंप पर खड़े ऑटो रिक्शा से यातायात में होने वाली परेशानी को देखकर हटाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चिरंजी पनवाड़ी व बावड़ी गेट पर दुकानों के बाहर रखे सामान को भी हटाने के लिए कहा। उन्होंने लोगों को यातायात के नियमों की पालना करने व सड़क पर सामान रखने स होने होने वाले परेशानी के बारे में बताया।
अग्रसेन भवन गढ़ परिसर का अवलोकन : एसपी ने श्री अग्रसेन भवन गढ़ परिसर में स्थित, शीश महल, प्रताप महल, शरद महल और श्री अग्रवाल मातृ सदन का अवलोकन किया। उन्होंने श्री अग्रवाल समाज प्रन्यास द्वारा चलाए जा रहे सेवा प्रकल्पों की जानकारी ली और ऐतिहासिक महत्व की इस धरोहर के जीर्णोद्धार पर ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने श्री अग्रवाल मातृ सदन अस्पताल की ओर से मात्र 800 रुपए में डिलेवरी करवाने व ज्यादातर डिलीवरी नॉर्मल करवाने आदि कार्यों की सराहना की। प्रन्यास के अध्यक्ष प्रमोद सिंघानिया, मंत्री मनोज पंसारी, इतिहासकार महावीर पुरोहित, अरविंद गुप्ता आदि थे।