बाजौर ने गांवों में शहीद के परिजनों का किया सम्मान
फतेहपुर. शहीद के परिजन का सम्मान करते बाजौर व अन्य।
भास्कर न्यूज | फतेहपुर
सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर की ओर से दूसरे दिन बुधवार को शहीदों के गांवों में पहुंच कर शहीद परिवार के परिजनों को सम्मानित किया गया। बाजौर ने शहीद सम्मान यात्रा के दूसरे दिन ठीमोली, सदीनसर, बलोद भाखरा, ताजसर, गोडिया बड़ा, हेतमसर, फदनपुरा, जालेऊ तथा खोटिया में कार्यक्रम का आयोजन कर शहीदों के परिवार जनों से रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को गंभीरता के साथ सुना एवं समाधान के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने इस मौके पर शहीद के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मान से नवाजा एवं उनकी समस्याओं का निराकरण करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर उन्होंने शहीद को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए राज्य सरकार की ओर से शहीदों के परिवारोें के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहीदों को देवता के बराबर मानकर उनकी पूजा अर्चना भी समय समय पर करते रहने का भी आग्रह करते हुए कहा कि शहीद ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। ग्रामीणजन अपने गांव के शहीद को किसी जाति में न बांटंे और उन्हेंे पूरी तरह से सम्मान प्रदान कर उनके यहा प्रतिदिन प्रणाम करंे और धोक लगा कर उनके मान सम्मान में बढ़ोतरी करंे। इस मौके पर शहीद परिवारों की ओर से बाजौर को करीब एक दर्जन शिकायत प्राप्त हुई। उन्हें मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों को समाधान करने के लिए निर्देशित किया।
मोतीराम के परिवार को एक लाख की सहायता मिलेगी : ताजसर के मोतीराम जो 1962 की चीन की लड़ाई के दौरान शहीद हो गए थे। उनकेे परिवार जनों से सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की एवं उनके बच्चों को निशुल्क शिक्षा दिलाने के प्रति आश्वस्त किया। इसी तरह बाबूलाल मालाराम को भी 21 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने एवं बच्चे को निशुल्क शिक्षा दिलाने का भी भरोसा दिलाया। शहीद मोतीराम की बहन एवं उनके लड़कों को हर संभव सहायता देने के प्रति भी भरोसा दिया। इस मौके पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष महावीर भोजदेसर, कर्नल जयदेव सिंह, सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी कर्नल एसएन सैनी, जितेन्द्र सिंह, सरपंच प्रतिनिधि हरिसिंह, तहसीलदार कपिल उपाध्याय, नीमकाथाना के सांवलराम यादव, मैनेजर भागीरथ सिंह, हरिसिंह, विद्याधर गोदारा, नेमीचंद गोदारा सहित अनेक ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।