पांच दिन से बिजली बंद, हाथियों के डर से ग्रामीण कर रहे रतजगा
अंकिरा | पांच दिन पहले आंधी चलने सेे अंकिरा के आश्रित गांव पेटामारा और फरसाबहार ब्लाक के सागजोर क्षेत्र में 4 खंभा, बारो में 1 खंभा टूट गया है। इससे पूरे ब्लाक की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बिजली विभाग क ईई डी भौमिक के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में जाकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही वहां बिजली सेवा दुबारा बहाल कर दी जाएगी।
बिजली नहीं होने के कारण गांवों की नलजल योजना प्रभावित हो गई है वहीं बिजली से संचालित अनेक कार्य नहीं हो पाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण ग्रामीणों को सांपों के साथ रात में हाथियों के हमले का भी डर सता रहा है। खतरे का सामना करने के लिए ग्रामीण समूह बनाकर रतजगा कर रहे हैं ताकि बुजुर्गों एवं छोटे बच्चों की सुरक्षा हो पाए। ग्रामीणों का कहना है कि आंधी की वजह से बिजली खंभा टूट जाने के बाद 5 दिनों से लाइट गुल हो गई है। कुछ दिनों से शाम को बारिश हो रही है, जिससे सांप एवं हाथियों का डर बना रहता है।