भास्कर संवाददाता | फिरोजपुर
रेलवे मंडल कार्यालय में विभागीय कर्मियों की हाजिरी को सुनिश्चित बनाने के लिए बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई हैं। ट्रायल के दौरान 12 मशीनें लगाई गई हैं जिनमें मंडल कार्यालय के 465 कर्मी प्रतिदिन अपनी हाजिरी लगा रहे हैं।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी किए गए आदेशानुसार फिरोजपुर रेल मंडल कार्यालय में ट्रायल बेस पर 12 बायोमेट्रिक मशीनें लगाकर ट्रायल के दौरान ग्रुप सी व डी के कर्मचारियों की हाजिरी लगाई जा रही है। ट्रायल के बाद मंडल के अन्य विभागों में भी ये मशीनें लगाई जाएंगी। केंद्र के सबसे बड़े कार्यालय में जहां सैकड़ों कर्मचारी कार्यरत हैं उनकी हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बायोमेट्रिक मशीन लगाने का प्लान तैयार किया। बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के बाद फिरोजपुर मंडल कार्यालय में कुछ दिन पूर्व ही मशीनें लगाई गई हैं।
उपस्थिति सुनिश्चित करने को लगाई मशीन, 465 कर्मचारी लगा रहे हाजिरी
छुट्टी व सैलरी का रिकार्ड अभी मैनुअल
शुरूआती दौर में लगाई गई इन मशीनों से केवल हाजिरी ही सुनिश्चित की जा रही है। छुट्टी व सैलरी का रिकार्ड अभी मैनुअल ही किया जा रहा है। वहीं विभागीय अधिकारी ने बताया कि मंडल में सबसे पहले बायोमेट्रिक मशीनें लगाकर ट्रायल शुरू किया गया है। इससे पूर्व नाॅर्दर्न जोन के किसी मंडल कार्यालय में अभी ये मशीनें नहीं लगाई गई हैं। सीनियर डीपीओ यूसुफ कबीर ने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 12 बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई हैं। इसके बाद अन्य कार्यालयों में भी मशीनें लगाई जाएंगी।