डेंगू से बचने को घरों के पास एकत्रित न होने दें पानी : डॉ. मीनाक्षी
भास्कर संवाददाता | फिरोजपुर
बुधवार को शहर स्थित हारमनी आयुर्वेदिक कॉलेज में नेशनल डेंगू डे के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. गुरमिंद्र सिंह के दिशा-निर्देशानुसार डॉ. मीनाक्षी ढींगड़ा जिला एपिडेमोलॉजिस्ट की अगुवाई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजिंद्र कुमार मनचंदा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की व डेंगू बुखार से बचाव संबंधी जागरूकता पोस्टर जारी किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. मीनाक्षी ढींगड़ा ने डेंगू की रोकथाम, बचाव व लक्षणों संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकदम तेज बुखार, आंखों के पिछले हिस्से में दर्द, उल्टियां आना, नाक, मुंह व जबड़ों में से खून आना, चमड़ी पर नील पड़ना आदि डेंगू बुखार के लक्षण है। इससे बचने के लिए अपने घरों के आस-पास पानी एकत्रित न होने दें, ऐसे कपड़े पहनें कि शरीर पूरी तरह ढका हो जिसमें मच्छर न काटे, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें व मच्छर भगाने वाली क्रीम व तेल आदि का इस्तेमाल करें। इसके अलावा डॉ. युवराज नारंग के सहयोग से नेशनल डेंगू डे संबंधी माइकिंग भी शुरू की गई। इस माइकिंग कैंपेन को सहायक सिविल सर्जन डॉ. संजीव गुप्ता ने हरी झंडी देकर रवाना किया। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष तलवाड़, डॉ. युवराज नारंग, विकास कालड़ा, सुरेंद्र पाल सिंगला व सतपाल सिंह के अलावा स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
गिद्दड़बाहा में दिए डेंगू से बचाव के टिप्स
गिद्दड़बाहा| डेंगू व मलेरिया बीमारी से बचाव की खातिर सिविल अस्पताल गिद्दड़बाहा की ओर से शहर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से शहर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान डेंगू व मलेरिया बीमारी से बचाव के टिप्स आम शहरवासियों को दिए गए। एसएमओ डॉ. प्रदीप सचदेवा व पूर्व प्रिंसिपल जगदीश लाल टांक ने बताया कि डेंगू बीमारी मादा मच्छर के काटने से होती है, जोकि अधिकतर घरों, दुकानों व फैक्ट्रियों के आस पास खड़े गंदे पानी से पैदा होते हैं। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों व सामाजिक संस्थाओं की ओर से मोहल्ला बैंटाबाद स्थित श्री हनुमान मंदिर से जागरूकता रैली निकाली गई। माैके पर सिविल अस्पताल के फार्मासिस्ट अजय गोयल, पूर्व प्रिंसिपल जगदीश लाल टांक, सामाजिक संस्थाओं के कोआर्डिनेटर बबलू जुनेजा आदि उपस्थित थे।
नेशनल डेंगू डे पर जागरूकता पोस्टर जारी करते स्वास्थ्य विभाग अधिकारी।
हर सप्ताह कूलरों का पानी बदलें, बुखार हो तो नीम हकीम से इलाज न करवाएं
गुरु हर सहाए |बुधवार को स्वास्थ्य विभाग व परिवार भलाई पंजाब के संयुक्त तत्वाधान में सिविल सर्जन और सीनियर मेडिकल अधिकारी की अगुवाई में सीएचसी में नेशनल डेंगू दिवस मनाया गया। पब्लिक को जानकारी देते हुए बताया गया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी खड़े पर पैदा होता है और एडीज एजिप्टी किस्म का मच्छर बीमारियां फैलाता है। इससे बचने के लिए हर सप्ताह कूलरों का पानी सुखाकर दुबारा पानी डालें। घर के छतों पर पड़े कबाड़, गमलों में पानी न जमा होने दें और बुखार होने की सूरत में नीम हकीम से इलाज न करवाएं। इस बुखार के दौरान एस्प्रिन और ब्रूफन कि गोली न लेकर केवल पैरासीटामोल गोली ही ली जाए। इस मौके पर डॉ. विशाल सोनी, गुरलाल सिंह सेहत इंस्पेक्टर, चिमन सिंह सेहत सुपरवाइजर, अजय, उपवन भट्टी, संदीप कुमार सहित स्टाफ और लोगों ने भाग लिया । (राजू चलाना)
गिद्दड़बाहा में डेंगू से बचाव की खातिर स्वास्थ विभाग व स्कूलों के विद्यार्थी जागरूकता रैली निकालते हुए।
प्रत्येक शुक्रवार ड्राई-डे मनाएं : सुखपाल सिंह
मुक्तसर |विश्व डेंगू दिवस पर सिविल सर्जन कार्यालय में डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जागरूकता संबंधी सिविल सर्जन डॉ. सुखपाल सिंह बराड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समागम आयोजित किया गया। जिला एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम असीजा, डॉ. कीमती लाल, डॉ. रंजू सिंगला, डॉ. सतीश गोयल, डॉ. जाग्रति, डॉ. सुलेखा, मास मीडिया व मलेरिया स्टाफ उपस्थित थे। इस समय सिविल सर्जन डॉ. सुखपाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नेशनल वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल कार्यक्रम अधीन डेंगू, मलेरिया व पानी से होने वाली बीमारियों संबंधी लगातार चेतना गतिविधियां करने के साथ-साथ जरूरी प्रबंध किए गए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के मुखी, समाज सेवी संस्थाओं के नुमाइंदे, शैक्षणिक संस्थाओं के मुखी व संबंधित स्वास्थ्य स्टाफ द्वारा प्रत्येक शुक्रवार ड्राई डे मनाया जाना चाहिए। इस दिन कूलरों, गमलों, फ्रिजों की ट्रे व अन्य पानी के बर्तनों को अच्छी तरह खाली करके सुखा कर दोबारा प्रयोग में लाना चाहिए। इस समय डॉ. विक्रम असीजा ने डेंगू से बचने के नुक्ते साझे किए। इस अवसर पर सुखमंदर सिंह, भगवान दास, चरणजीत सिंह के अतिरिक्त पंजाब रोडवेज के अधिकारी, नगर कौंसिल के नुमाइंदे, स्त्री व बाल विकास विभाग के सदस्य, आशीर्वाद क्लब व जीवन ज्योति मिशन के नुमाइंदे, मेडिकल लैब टेक्नॉलॉजिस्ट एसो. के सदस्य, आरएमपी यूनियन के नुमाइंदे, स्वास्थ स्टाफ व आम लोग उपस्थित थे।(अमित अरोड़ा)