गिरदावरी मामले में सुनवाई 31 को
भास्कर संवाददाता| फिरोजपुर
गांव झोक हरीहर के चल रहे जमीनी मामले में लगी धारा 145 मामले में वीरवार को एसडीएम कोर्ट में सुनवाई हुई। अब इस मामले में 22 मई को सुनवाई होगी। इसी प्रकार गिरदावरी मामले में 31 मई की तिथि निर्धारित की गई है। दोनों मामलों की सुनवाई इस माह में पूरी होने की उम्मीद है।
नवंबर में गांव झोक हरीहर स्थित मंदिर की 25 एकड़ जमीन पर धारा 145 लगाई गई थी, जिसके बाद पहले से जमीन जोत रहे किसानों ने डीसी कार्यालय के समक्ष धरना शुरू कर दिया जो अब भी जारी है। दरअसल थाना कुलगढ़ी के प्रभारी ने कलंदरा भेज कर प्रशासन को इस जमीन पर धारा 145 लगाने का आग्रह किया था। कलंदरे में कहा गया था कि इस जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा हो सकता है। इसके बाद प्रशासन ने इस जमीन पर धारा 145 लगा दी थी। इसके विरोध में पहले से जमीन को जोत रहे किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया। यह मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन था और इसी कड़ी में वीरवार को मामले की सुनवाई थी। अब अगली सुनवाई 22 को होगी।