शहीद भगत सिंह के नाम पर 1.45 करोड़ से बनेगा पार्क
फिरोजपुर वासियाें के लिए अच्छी खबर है। जी हां शहीदों के शहर में शहीद भगत सिंह के नाम पर अमृत स्कीम के तहत करीब डेढ़ करोड़ की लागत से पार्क बनेगा।
इसके लिए राशि नगर परिषद के पास आ चुकी है। अब शीघ्र ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पार्क 8 एकड़ में बनेगा। इसके लिए नगर परिषद ने नक्शा तैयार कर लिया है। परिषद की ओर से इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। पार्क के लिए शहर में पुराना टीबी अस्पताल के पीछे खाली पड़ी नगर परिषद की जमीन को तय किया गया है। इसमें ओपन थियेटर बनेगा साथ ही जहां बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे वहीं हर रोज एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी ताकि लोग सुबह-शाम हरमंदर साहिब और वैष्णो देवी से सीधे प्रसारण के माध्यम से धार्मिक कार्यक्रम को देख सकेंगे।
कागजी प्रक्रिया अब अंतिम अवस्था में पहुंच गई : काफी अरसे से प्रस्तावित शहीद भगत सिंह पार्क के निर्माण की कागजी प्रक्रिया अब अंतिम अवस्था में पहुंच गई है। अब नगर परिषद की ओर से इसके लिए डीपीआर तैयार की जाएगी, जिसके बाद टेंडर होंगे। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी परमिंद्र सिंह ने बताया कि पार्क के लिए 1.45 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। इसमें बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे। ओपन थियेटर का निर्माण करवाया जाएगा ताकि यहां पर कार्यक्रमों का आयोजन भी हो सके। राष्ट्रीय पर्व या बड़े आयोजनों का प्रसारण भी यहां पर दिखाया जाएगा। उम्मीद है कि मई में कार्य आरंभ हो जाएगा।
8 एकड़ के पार्क में हर रोज एलईडी के माध्यम से लोग देख सकेंगे हरमंदर साहिब और वैष्णो देवी से सीधा प्रसारण
हर सुविधा का ध्यान रखा जाएगा : विधायक
विधायक परमिंद्र सिंह पिंकी ने कहा कि फिरोजपुर के लिए प्रदेश सरकार को कई प्रोजेक्टों की पेशकश की थी। पार्क भी उनमें से एक है। शेष को भी शीघ्र ही हरी झंडी मिल जाएगी। पार्क के लिए सरकार से 1.45 करोड़ रुपये पास करवा दिए हैं। इससे शहर के सौंदर्यीकरण में जहां चार चांद लगेंगे वहीं लोगों को टहलने व खुले वातावरण में घूमने के लिए अच्छी जगह नसीब होगी। मैंने पार्क के नक्शों को देखा लिया है। जनता की हर प्रकार की सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। हर वर्ग के लोगों के लिए सरकार कुछ न कुछ कर रही है। बच्चों के लिए झूले लगाने के लिए परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शीघ्र ही फिरोजपुर शहर और छावनी में 7 हजार एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी ताकि शहर रात के समय में जगमग हो सके।