रेलवे मंडल में पहलवान नवजोत कौर का अभिनंदन
भास्कर संवाददाता | फिरोजपुर
किर्गिस्तान में हुई सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप 2018 में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली फिरोजपुर रेलवे मंडल की महिला पहलवान नवजोत कौर का मंडल कार्यालय में पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक सुखविंद्र सिंह व वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक वागिश तिवारी ने शुभकामनाएं दी व उज्ज्वल कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह फिरोजपुर मंडल का नाम रोशन करती रहे।
नवजीत कौर ने किर्गिस्तान में आयोजित कुश्ती चैंपियनशिप में 65 किलोग्राम भार वर्ग में जापानी खिलाड़ी किमायी मियु को 9-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया । वे प्रथम भारतीय महिला पहलवान हैं जिन्होंने कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता है। नवजोत कौर ने कहा कि उनका सपना है कि वे टोक्यो जापान मे आयोजित होने वाले ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करें। नवजोत कौर ने बताया कि वह गांव बागड़िया जिला तरनतारन की रहने वाली है। 2014 में कॉमनवेल्थ में कांस्य पदक जीतने के उपरांत रेलवे ने उन्हें सीनियर क्लर्क के पद पर अमृतसर में चयनित किया था। उन्होंने बताया कि उनके पिता सुखचैन सिंह किसान हैं जोकि खेती करके उसकी प्रेक्टिस का खर्च बड़ी कठिनाई से निकाल पाते थे। उनके पिता ने इसके लिए काफी कर्ज भी उठाया लेकिन नौकरी मिलने के बाद सब ठीक हुआ। मौजूदा स्थिति में वे सुबह 3 बजे उठती हैं व सुबह 4 बजे साइकिल से तरनतारन जाती हैं वहां वे 5 से 8 बजे तक प्रैक्टिस करने के बाद सांय पुन: 4 से 7 बजे तक प्रैक्टिस करती हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने कोच अशोक कुमार के दिशा-निर्देश में अब तक 6 गोल्ड मेडल, 2 सिल्वर मेडल व 5 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी है। मंडल में पहुंचने पर नवजोत कौर ने सभी रेलवे अधिकारियों व रेलवे का नौकरी देने के लिए धन्यवाद किया जिससे उनका प्रैक्टिस करना आसान हुआ।
सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप 2018 में गोल्ड मेडल जीत चुकी नवजोत
रेलवे अधिकारियों के साथ पहलवान नवजोत कौर।