डीसी ने की औचक चेकिंग 24 अधिकारी व कर्मचारी मिले गैरहाजिर
फिरोजपुर |डीसी रामवीर ने मंगलवार को जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में स्थित अलग-अलग विभागों के कार्यालयों की औचक चेकिंग की। इस दौरान डीसी दफ्तर की अलग-अलग ब्रांचों सहित विभिन्न विभागों के दफ्तरों की चेकिंग की गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान 24 अधिकारियों और कर्मचारियों को गैर हाजिर पाया गया। गैरहाजिर पाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों के बारे में सरकार को रिपोर्ट भेजे जाने के अलावा उनको पहली बार चेतावनी दी गई कि यदि कोई अधिकारी व कर्मचारी दूसरी चेकिंग के दौरान गैर हाजिर पाया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा कि वे अपने कार्यालय में प्रातःकाल 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अपनी हाजिरी यकीनी बनाए रखें। उन्होंने सेवा केन्द्रों में सरकार की तरफ से दी जा रही सेवाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि लोगों को सेवा केन्द्रों के द्वारा जरूरी सेवाएं तय समय में देनी यकीनी बनाईं जाए। उन्होंने दफ्तरों और आस -आसपास की सफाई की तरफ भी ध्यान देने के लिए कहा।(नरेश कुमार)