अज्ञात युवकों ने रात 10:30 पर बाइक सवार दो लोगों को मारी गोलियां, जख्मी
भास्कर संवाददाता | फिरोजपुर
भारत नगर में रात को करीब साढ़े दस बजे उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया जब बाइक सवार युवकों ने एक बाइक पर सवार दो युवक का पीछा करते हुए उन पर फायरिंग कर उन्हें गंभीर तौर पर घायल कर दिया। चश्मदीदों के अनुसार उक्त अज्ञात बाइक सवारों ने चार से पांच गोलियां चलाई। इसमें दो गोलियां भारत नगर वासी रोहित की टांग पर लगी तथा एक गोली मनप्रीत बिल्ला के पांव के पास लगी जिसके कारण वह दोनों गंभीर तौर पर घायल हो गया स्थानीय लोगों ने घायल युवक को आनन फानन में फिरोजपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। डाक्टरों ने रोहित की हालत को देखते हुए उसे अमृतसर अस्पताल में रैफर कर दिया लेकिन दोनों युवक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। जानकारी मिलते ही थाना सिटी प्रभारी जसवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लोगों के अनुसार दोनों युवक बाइक पर सवार होकर कहीं से वापस अपने घर जा रहे थे इसी दौरान बाइक पर सवार होकर युवक उनके पीछे आए उन्होंने आते ही उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। दोनों घायलों की हालत ठीक है। मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किसी को भी शहर का माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा। खबर लिखे जाने तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई थी।
मीट की दुकान पर झगड़ा, गोली चली, एक घायल
ममदोट|नगर के मुख्य चौक पर बुधवार शाम को एक मीट की दुकान पर तकरार के बाद हुए झगड़े में तैश में आये एक युवक ने गोली चला दी। झगड़े के कारणों का पता नहीं चल सका। गोली लगने से एक युवक के छर्रे लगने का समाचार प्राप्त हुआ है। उसको इलाज के लिए ममदोट के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना का पता चलते ही थाना ममदोट के मुखी रशपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि झगड़ा होने का कारण का अभी पता नहीं चल सका है। घायल हुए युवक के बयान लेकर अगली कार्रवाई की जाएगी।(राजेश धवन)