भास्कर संवाददाता | फिरोजपुर
उपायुक्त कार्यालय के समक्ष बीते छह माह से गांव झोक हरिहर की जमीन की गिरदावरी नाम करवाने व धारा 145 हटवाने को लेकर धरने पर बैठे किसानों के समर्थन में आई भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर पदाधिकारियों ने शनिवार को धरने पर प्रदेशस्तरीय बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय किसान महासंघ के फैसले का समर्थन करते हुए कहा गया कि किसान 1 जून से 10 जन तक शहरों में दूध, सब्जी व अनाज की सप्लाई बंद करेंगे।
बैठक में भाग लेने पहुंचे यूनियन पदाधिकारियों ने दुग्ध उत्पादन व सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों को अपील की है कि वे दूध व सब्जी शहरों में बेचने की बजाए गांवों में ही बेचे। अगर किसी भी व्यक्ति को जरूरत है तो वह गांव से सामान ला सकता है। वहीं बैठक मे सरकार द्वारा धान की बिजाई के लिए निश्चित किए गए समय 1 जून पर फैसला करते हुए यूनियन सदस्यों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने 20 मई से पहले पनीरी लगाने वाले किसानों पर कोई कार्रवाई की तो किसान यूनियन इसका विरोध करेगी। उन्होंने किसानों को हौसला देते हुए कहा कि अगर किसी किसान के साथ ऐसा कुछ होता है तो किसान यूनियन उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि बिजाई के दौरान अगर कोई अधिकारी गांव में आता है तो उसका घेराव किया जाएगा। बैठक में बोघा सिंह, मेहर सिंह, रेशम, मान सिंह, जसवीर, बोहड़ सिंह, फतेह सिंह, सुखदेव सिंह, गुरबचन सिंह, सुरजीत सिंह व मग्घर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भाग लेते भारतीय किसान यूनियन(एकता सिद्धपुर) के पदाधिकारी।